&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sachin Pilot Birthday: राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट इस बार अपना जन्मदिन मेवाड़ की पावन धरती पर मनाने जा रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके हजारों समर्थक धूमधाम से जन्मदिन की तैयारियों में जुटे हैं. पायलट रविवार को दिल्ली से उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर जाएंगे.
इस जन्मदिन को लेकर मेवाड़ में खासा उत्साह है. माना जा रहा है कि पायलट इस अवसर का उपयोग न केवल उत्सव के लिए, बल्कि क्षेत्र में अपनी सियासी पकड़ मजबूत करने के लिए भी करेंगे. मेवाड़, जिसमें उदयपुर, चित्तौड़, राजसमंद और भीलवाड़ा जैसे क्षेत्र शामिल हैं, गुर्जर और जाट मतदाताओं का गढ़ माना जाता है. इस क्षेत्र में कांग्रेस के दिग्गज नेता सीपी जोशी की मजबूत मौजूदगी रही है, लेकिन पायलट इस बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में हैं.
पायलट के करीबी नेताओं, जिनमें विधायक रामनिवास गावड़िया, अभिमन्यु पूनिया, मुकेश भाकर, पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मुकुल खीचड़ शामिल हैं, ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां शुरू कर दी हैं.
गौरतलब है कि पायलट अब तक अपना जन्मदिन 'सेवा भावना दिवस' के रूप में जयपुर या टोंक में मनाते रहे हैं, लेकिन इस बार मेवाड़ को चुनकर वे एक नया सियासी संदेश देने की तैयारी में हैं. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पायलट मेवाड़ में अपनी सक्रियता को किस तरह बढ़ाते हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Udaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!