Udaipur Temperature: राजस्थान के उदयपुर में गर्मी ने अप्रैल के पहले हफ्ते में ही सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. उदयपुर में 41 डिग्री सेल्शियस तापमान दर्ज किया गया है. लोगों का जीना अभी से मुहाल हो गया है.
Trending Photos

Udaipur Temperature: राजस्थान में गर्मी के तेवर अभी से तीखे दिख रहे हैं. राज्य में दिनों दिन पारा बढ़ता ही जा रहा है. बढ़ती गर्मी के कारण अभी से दोपहर में बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है. उदयपुर में तापमान 40 के पार निकल चुका है. लोग चुभती जलती गर्मी से परेशान हो रहे हैं. वहीं डॉक्टर्स ने भी गर्मी और हीटवेव से बचने के लिए चेतावनी जारी कर दी है.
अप्रैल की शुरुआत में ही लोगों के मुंह पर गर्म हवा के थपेड़े पड़ने लगे हैं. लोगों को गर्मी परेशान करने लगी हैं. सुबह 9 बजे बाद से ही तेज धूप से लोग बचते दिखते हैं. दोपहर तक आसमान से आग बरसने लगती है. अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री और रात के तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़त हुई है. तापमान बढ़ने से दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच सड़कें सूनसान रहती है.
गर्म हवा से बचने के लिए वाहन चालक कपड़ों के दस्ताने, कपड़ों से चेहरे ढंककर घरों से निकल रहे हैं. वहीं मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 38.9 और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो रहा है. एक दिन पहले अधिकतम 38.1 और न्यूनतम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया था. विभाग ने 8 अप्रैल को हीट वेव के असर रहने की संभावना जताई है.
बीते चार दिन में रात और दिन दोनों में तापमान में तेजी से बढ़त दर्ज की गई है. 5 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम 14.7 डिग्री दर्ज किया गया था, 6 अप्रैल को अधिकतम 36.6 और न्यूनतम 16.2 डिग्री और 7 अप्रैल को अधिकतम 38.1 और न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. इसी तरह 8 अप्रैल को अधिकतम 38.9 और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.