Rajasthan News: राजस्थान में बारिश का कहर जारी! उदयपुर से श्रीगंगानगर तक भारी तबाही, 2 मासूम बच्चियों की मौत, कई घायल. प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किए, आगे और बारिश की चेतावनी.
Trending Photos
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान में मौसम का कहर जारी है, उदयपुर से लेकर श्रीगंगानगर तक बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है. इस बीच, एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जब उनके घर की दीवार गिर गई. कई अन्य लोग घायल हो गए. प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी दी है, जिससे लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं. प्रशासन लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है.
उदयपुर में बच्ची की मौत
उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र के कोटडा तहसील के नेत्रावला गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ. लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई, जिससे 10 वर्षीय उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उर्मिला की बड़ी बहन अनिता घायल हो गई. दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला. घायल अनिता को कोटडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों ने सरपंच, तहसीलदार, पटवारी और सचिव को भी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
श्रीगंगानगर में भी मौसम का कहर, एक की मौत
श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर में तूफानी बारिश और बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ. दो मकानों की छतें गिरने से 5 वर्षीय बच्ची मनु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस हादसे में पांच अन्य लोग घायल हो गए. भारी बारिश के कारण क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ है. मकानों की छतें गिरने से अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रशासन ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं और प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
सवाई माधोपुर में पानी में डूबने से दर्दनाक मौत
सवाई माधोपुर जिले में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है. कुछ घंटों की बारिश ने ही जिले के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और ताल-तालैया लबालब हो गए. बारिश के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है और एक व्यक्ति की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इसके अलावा, एक दो मंजिला मकान भी ढह गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी दी है, जिससे लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं. स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!