Prime Time: एक क्लिक और आपकी ढाणी की 15 बड़ी-छोटी खबरें आपके सामने
Zee Rajasthan Web Team
Nov 29, 2024
फलोदी, जोधपुर
बाप नगर पालिका को पुनः ग्राम पंचायत बाप यथावत रखने की मांग की जा रही है. जागरूक मंच, युवा संघर्ष समिति बाप और बड़ी संख्या में लोगों ने मांग को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
झुंझुनूं
झुंझुनूं जिले के बगड़ कस्बे में राइजिंग राजस्थान की इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया गया. समिट के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत थे. बगड़ में आयोजित इन्वेस्टमेंट समिट में 1440 करोड़ रुपये के 71 MOU साइन किए गए.
कोटपूतली
विद्युत निजीकरण को लेकर आज कोटपूतली-बहरोड़ के जिले के सभी विद्युत कर्मियों ने विरोध जताते हुए धरना प्रदर्शन कर ADM को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. पिछले कई दिनों से प्रदेश में विद्युत निजीकरण को लेकर कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं.
रामदेवरा,पोकरण (जैसलमेर)
रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक भ्रूण मिला है. रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास रखे कचरे पात्र के पास भ्रूण मिला. सफाई कर्मचारियों ने भ्रूण मिलने की सूचना रेलवे पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस प्रभारी प्रदीप चौधरी और हेड कॉन्स्टेबल मोहनराम मौके पर पहुंचे और रामदेवरा पुलिस को भी सूचना दी.
कोटपूतली
कोटपूतली शहर में एक बार फिर पीला पंजा चला. सड़कों पर अस्थाई अतिक्रमण होने से रोजाना घंटों जाम के हालात बने रहते थे. जिसको लेकर जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल व SP राजन दुष्यन्त के दिशा निर्देश शहर के मुख्य मार्गों से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया.
प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ में आज अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत कर्मियों ने धरना प्रदर्शन किया. कार्य बहिष्कार करते हुए बगवास जीएसएस से पावर हाउस परिसर तक रैली निकाली. इस दौरान विद्युत कर्मियों ने नारेबाजी की और आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी.
धौलपुर
राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले धौलपुर जिले में विद्युत निगम के सभी उपक्रमों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को एक दिन का कार्य बहिष्कार कर धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की हैं.
करौली
विद्युत निगम में कार्यरत अभियंता, तकनीकी कर्मी और मंत्रालयिक कार्मिकों ने विभाग में बढ़ते निजीकरण के विरोध में धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है. विद्युत विभाग के कार्मिकों ने विद्युत निगम कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और प्रदर्शन किया.
जोधपुर
जोधपुर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक कैंपर ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी. जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद घायल को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया. आज उस युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.
रायला,भीलवड़ा
रायला थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार गढ़ के चौक में स्थित शूज (बूट) की दुकान में चोरों ने हाथ साफ किया. करीब 25 से 30 हजार रुपये का माल चोरों ने चोरी कर लिया. मामले की जांच की जा रही है.
प्रतापगढ़
प्रतापगढ़ शहर के बीच से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर बीती रात लंबा जाम लग गया. दीनदयाल सर्किल पर लगे जाम की वजह से यात्री 1 घंटे तक परेशान होते रहे. इस दौरान मरीज को ले जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित करवाया.
दौसा
दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गीजगढ़ में बीती रात बदमाशों ने मुख्य बाजार में लगे SBI के ATM को लूटने का प्रयास किया लेकिन वह नाकाम रहे. गीजगढ़ चौकी प्रभारी सोवरन सिंह ने बताया गार्ड ने सुबह फोन कर सूचना दी थी एटीएम को कटर मशीन से काटने का प्रयास किया है लेकिन पुलिस की गश्त के चलते बदमाश कटर मशीन सहित अन्य सामान मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.
सिकराय,दौसा
दौसा जिले के ग्रामीण अंचल में सर्दी के मौसम में भी पेयजल की समस्या नहीं सुधर रही है. इसके चलते आए दिन जिले में ग्रामीण पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. आज सिकराय के कालवान गांव में महिलाओं ने पानी की टंकी पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया.
रायला, भीलवड़ा
रायला कस्बे में स्थित बगीची हनुमान जी के यहां बनी पुलिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है. यहां जगह जगह से बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन वाहन चालकों को परेशानी का सामना उठाना पड़ रहा है. मामले को लेकर ग्रामवासियों ने पूरी नई पुलिया बनाने की मांग की है.