महात्मा गांधी पर विज के विवादित बयान से भाजपा ने पल्ला झाड़ा
Advertisement

महात्मा गांधी पर विज के विवादित बयान से भाजपा ने पल्ला झाड़ा

भाजपा ने महात्मा गांधी से जुड़ी ‘अपमानजनक’ टिप्पणी के लिए शनिवार को हरियाणा सरकार में मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज की निंदा की और कहा कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है।

महात्मा गांधी पर विज के विवादित बयान से भाजपा ने पल्ला झाड़ा

नई दिल्ली : भाजपा ने महात्मा गांधी से जुड़ी ‘अपमानजनक’ टिप्पणी के लिए शनिवार को हरियाणा सरकार में मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज की निंदा की और कहा कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, ‘पार्टी का उनके बयान से कोई संबंध नहीं है। ये उनकी व्यक्तिगत टिप्पणी है। हम इस बयान की निंदा करते हैं।’ उन्होंने दावा किया कि विज ने अपना बयान वापस ले लिया है। शर्मा ने कहा कि गांधी भाजपा के साथ-साथ पूरे देश के आइकन हैं और पार्टी उनके विचारों का बहुत अधिक सम्मान करती है।

भाजपा पर हमला बोलने के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए शर्मा ने कहा कि उसको राष्ट्रपिता के बारे में बात करने का कोई नैतिक हक नहीं है क्योंकि उसने केवल उनके नाम और तस्वीर का ‘दुरूपयोग’ किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने खादी और स्वच्छता से जुड़े गांधी के दर्शन को ‘बढ़ावा’ दिया है।

विज ने आज एक विवादित बयान में कहा कि महात्मा गांधी की छवि से खादी को कोई फायदा नहीं हुआ उन्होंने साथ ही कहा कि गांधी की तस्वीर लगाये जाने के बाद से मुद्रा का अवमूल्यन हुआ है। उनके इस बयान के बाद इसकी चौतरफा आलोचना शुरू हो गयी है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने खादी और ग्राम उद्योग आयोग (केवीआईसी) के कैलेंडर और डायरी पर गांधी के स्थान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाये जाने को अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ‘बेहतर ब्रांड’ हैं। अपने बयानों के लिए पहले कई बार विवादों का सामना कर चुके विज ने यहां तक कह दिया कि गांधी की तस्वीर को धीरे-धीरे नोटों से भी हटाया जाएगा।

Trending news