कहीं दंगल, तो कहीं आग के गोले, ऐसे अजीब तरीकों से मनाते हैं नया साल
Advertisement

कहीं दंगल, तो कहीं आग के गोले, ऐसे अजीब तरीकों से मनाते हैं नया साल

नया साल आने वाला है। इस ख़ास अवसर को मनाने के सबके अलग-अलग तरीके होते हैं। कोई जमकर पार्टी करता है, तो कोई भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर, गुरुद्वारे जाता है। मगर दुनिया में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो बहुत अलग अंदाज़ में नया साल मनाते हैं। चलिए जानते हैं नया साल मनाने के कुछ अजीब तरीके...

कब्रगाह में नया साल

चिली में लोग नए साल के अवसर पर स्थानीय कब्रगाह यानी ग्रेवयार्ड में जाते हैं। माना जाता है कि अपने से दूर जा चुके परिजनों के साथ नए साल का स्वागत करने से पूरा साल अच्छा जाता है।

रोमानिया में जानवरों की बातें सुनकर
रोमानिया में नए साल पर कुछ लोग जानवरों की बातें सुनते हैं। यहां के किसान मानते हैं कि नए साल की शाम जानवर बोलते हैं। अगर आप समझ पाए तो अपशकुन होता है और अगर नहीं समझ पाए तो उसे शुभ संकेत माना जाता है।

आयरलैंड में लोग फेंकते हैं ब्रैड्स
यहां नए साल पर घरों की दीवारों पर ब्रैड से हमला किया जाता है। मान्यता के अनुसार दीवार पर ब्रैड फेंक कर मारने से बुरी आत्माएं दूर रहती हैं।

जोहान्सबर्ग में 'पलंग तोड़' न्यू ईयर
दक्षिण अफ़्रीका के सबसे बड़े शहर जोहान्सबर्ग में एक जगह है हिल्सब्रो। यहां नए साल का स्वागत खिड़की से फर्नीचर बाहर फेंककर किया जाता है।

साइबेरिया में बर्फ की डुबकी
साइबेरिया में एक बैकल नाम की झील है जहां बहुत अलग तरीके से नया साल मनाया जाता है। नए साल पर बैकल झील पर जमी बर्फ की परत में एक बड़ा छेद किया जाता है फिर अपने हाथ में पौधा लेकर लोग इस छेद से होकर ठंडी झील में उतरते हैं।

पेरू में 'दंगल'
पेरू में नए साल पर 'दंगल' होता है। जी हां, आपने ठीक पढ़ा। पेरू के ग्रामीण इलाकों में लोग अपने पड़ोसियों से जमकर लड़ते हैं। ऐसा वो अपने पिछले साल के झगड़े सुलझाने के लिए करते हैं।

स्कॉटलैंड में आग के गोले
स्कॉटलैंड के लोग नए साल पर आग का गोला घुमाते हुए परेड करते हैं जिसे होगामनाय कहा जाता है। यह ख़तरनाक परेड स्कॉटिश वाइकिंग एडिनबर्ग की गलियों में निकलती है।

Trending news