)
'हैलो... पुलिस कंट्रोल रूम! साहेब... मेरी बहू एक होटल में शराब पार्टी कर रही है. उसे रोकिए.' ये कॉल आते ही गुजरात पुलिस एक्टिव हो गई. फौरन बताई गई जगह पर पुलिस टीम पहुंची. वहां दो महिलाएं और 4 पुरुष शराब पार्टी करते हुए पकड़े गए.
गुजरात में शराबबंदी की बातों के बीच सूरत में शराब पार्टी पकड़ी गई है. सूरत के डुमस में वीकेंड एड्रेस होटल के कमरा नंबर 443 में शराब की पार्टी चल रही थी. यहां पुलिस ने छापा मारकर चार पुरुष और दो महिलाओं को पकड़ा है. ये लोग शराब की पार्टी कर रहे थे. लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यहां शराब पार्टी कर रही एक महिला के ससुर ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी थी.
पुलिस कंट्रोल रूम में ससुर ने फोन कर कहा- साहेब मेरे बेटे की पत्नी अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रही है. यह कॉल मिलते ही सूरत पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. वीकेंड एड्रेस के कमरा नंबर 443 पर छापा मारा गया. कमरा खुलने के साथ ही अंदर चार पुरुष और दो महिलाएं शराब पार्टी कर रहे थे. पुलिस ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी.
पुलिस के छापे के दौरान हिमांशु व्यास, संकल्प अजय पटेल, लोक भावेश देसाई और समकित विमवाला पकड़े गए. इन सभी के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. पुलिस ने शराब पीने का परमिट मांगा लेकिन किसी भी व्यक्ति के पास से नहीं मिला.
इस पार्टी में दो महिलाएं शामिल थीं, जो कलाकार हैं. महिला पुलिस की मौजूदगी में उनकी जांच की गई. एक महिला 24 और दूसरी 25 साल की निकली. दोनों के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. इन दोनों महिलाओं में से एक के ससुर ने पुलिस को फोन कर इस शराब पार्टी की जानकारी दी थी.
डुमस रोड पर स्थित वीकेंड एड्रेस के मैनेजर गौतम पटेल ने कहा कि इस घटना के लिए होटल जिम्मेदार नहीं है. उन्होंने कहा कि इस होटल में 464 कमरे हैं, जिनमें से 100 कमरे होटल के मालिकाना हक में हैं, जबकि बाकी कमरे अलग-अलग मालिकों के हैं. जिस कमरे में शराब की पार्टी चल रही थी वह कमरा नीलम प्रमोद केसन के नाम पर है. कमरे के मालिक ने एक अन्य व्यक्ति को किराए पर दिया था. होटल के मैनेजर ने कहा कि हम पुलिस को जांच में पूरा सहयोग दे रहे हैं.
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से विदेशी शराब की 750 ML की बोतल मिली, जिसमें लगभग 350 ML शराब भरी थी, जिसकी कीमत 1500 रुपये थी. इसके अलावा शराब से भरे 4 प्लास्टिक के गिलास, 4 खाली गिलास, और 7 मोबाइल फोन भी मिले, जिनकी कुल कीमत 2,55,000 रुपये थी. इस पूरी घटना के संबंध में डुमस पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सभी का रात में मेडिकल किया गया था. पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.