Advertisement
trendingNow12999583

‘आतंकी दो तरह के होते हैं…’ दिल्ली धमाकों पर आखिर चिदंबरम ने क्यों कहा ऐसा?

Delhi Blast: पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने दिल्ली धमाकों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी और देश के भीतर पैदा हुए घरेलू आतंकवादी. चिदंबरम ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में भी यही बात दोहराई थी.

 

X
X

Delhi Blast: दिल्ली धमाकों को लेकर पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं. विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी और देश के भीतर पैदा हुए घरेलू आतंकवादी. चिदंबरम ने एक्स पर लिखा कि पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में भी मैंने यही बात दोहराई थी. संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान जब मैंने घरेलू आतंकवादियों का जिक्र किया तो मेरा मजाक उड़ाया गया और मुझे ट्रोल किया गया. उन्होंने आगे कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है क्योंकि सरकार जानती है कि घरेलू आतंकवादी भी होते हैं. अपने बयान के जरिए चिदंबरम ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां हैं जो भारतीय नागरिकों को यहां तक कि पढ़े-लिखे लोगों को आतंकवादी बनने की राह पर ले जाती हैं.

 

बता दें कि  चिदंबरम का ये बयान उस समय आया है जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज 10 नवंबर की दिल्ली आतंकी घटना की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया और पीड़ितों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मंत्रिमंडल ने कहा कि देश ने 10 नवंबर को लाल किले के पास एक कार विस्फोट के माध्यम से राष्ट्रविरोधी ताकतों द्वारा अंजाम दी गई एक जघन्य आतंकवादी घटना देखी है. मंत्रिमंडल निर्देश देता है कि घटना की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके से की जाए, ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और उनके प्रायोजकों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके.

इससे पहले आज दिल्ली में लाल किले के पास हुए हालिया विस्फोट और फरीदाबाद में बरामद विस्फोटकों के मामले में जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी जांच एजेंसियों से गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों को परेशान न करने की अपील की. उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग भी की. श्रीनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मैं दिल्ली लाल किला विस्फोट की कड़ी निंदा करती हूं. यह एक भयानक घटना है जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई. अगर किसी डॉक्टर की इसमें संलिप्तता है, तो यह समाज के लिए बेहद दुखद है लेकिन मैं चाहती हूं कि जांच निष्पक्ष हो और निर्दोष लोगों, खासकर गिरफ्तार डॉक्टरों के माता-पिता को परेशान न किया जाए.

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Zee News Hindi पर. Hindi News और India News in Hindi के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.

About the Author
author img
Shashank Shekhar Mishra

ज़ी न्यूज में बतौर सब एडिटर कार्यरत. देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करते हैं. पत्रकारिता में 5 वर्षों का अनुभव है. इससे पहले टाइम्स नाउ नवभारत, जागरण...और पढ़ें

TAGS

Trending news