उज्जैन: गिरफ्तारी के बाद जोर-जोर से चिल्लाया गैंगस्टर, ''मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला''
Advertisement

उज्जैन: गिरफ्तारी के बाद जोर-जोर से चिल्लाया गैंगस्टर, ''मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला''

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार सुबह गैंगस्टर विकास दुबे महाकाल मंदिर परिसर में पहुंचा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा ''मैं विकास दुबे हूं. कानपुर वाला...''.

गैंगस्टर विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार.

उज्जैन: कानपुर के बिकरू गांव में 2 जुलाई की देर रात हुए शूटआउट में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया.  सूत्रों की मानें तो गैंगस्टर विकास दुबे महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था.

सूत्रों के मुताबिक गुरुवार सुबह गैंगस्टर विकास दुबे महाकाल मंदिर परिसर में पहुंचा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा ''मैं विकास दुबे हूं. कानपुर वाला...''. मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 5 लाख के इनामी गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की.

उन्होंने बताया कि अभी वह पुलिस कस्टडी में है. नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ''इंटेलीजेंस की बात है. ज्यादा कुछ भी कहना सही नहीं होगा. वारदात होने के बारे से ही हमने मध्य प्रदेश पुलिस को अलर्ट पर रखा था.''

गैंगस्टर विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की. मध्य प्रदेश पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर विकास दुबे को यूपी पुलिस के हवाले करेगी. यूपी एसटीएफ ने एक दिन पहले ही विकास दुबे के मध्य प्रदेश में होने की संभावना जताई थी.

WATCH LIVE TV

Trending news