)
Farrukhabad News: फर्रुखाबाद में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां गांव मुडेल के पूर्व प्रधान को कागजों में मृत घोषित कर दिया गया. इसके चलते पूर्व प्रधान का आधार कार्ड भी ब्लॉक हो गया. और बैंक खाता भी बंद कर दिया गया. पूर्व प्रधान खुद को जिंदा साबित करने के लिए पिछले 6 महीनों से सरकारी कार्यालयों का चक्कर काट रे हैं.
किसान सम्मान निधि रुकी
पीड़ित पूर्व प्रधान रामभजन निवासी मुडेल मंझगांव तहसील के रहने वाले हैं. रामभजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया, जिससे सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है. पूर्व प्रधान रामभजन ने बताया कि उनके खाते में किसान सम्मान निधि आना बंद हो गई और बैंक से संदेश भी नहीं आए. जब वह बैंक पहुंचे तो पता चला कि मृत्यु दर्ज होने के कारण उनका खाता बंद कर दिया गया है. आधार कार्ड ब्लॉक होने से उन्हें राशन, खाद और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है.
नवंबर से लगा रहे सरकारी कार्यालयों का चक्कर
उन्होंने बताया कि नवंबर से लगातार संबंधित विभागों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. हाल ही में कायमगंज तहसील कार्यालय में जानकारी करने पर पता चला कि उनका 16 अक्टूबर 2025 को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया है. उन्होंने इसकी प्रति भी प्राप्त कर ली है. रामभजन ने कुछ ग्रामीणों और ब्लॉक के कर्मचारियों पर मिलीभगत कर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का आरोप लगाया है. पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी पहचान बहाल कराने की मांग की है.
पूर्व प्रधान रह चुके हैं रामभजन
रामभजन ने बताया कि वह साल 2000 में प्रधान रहे थे. पिछले पंचायत चुनाव में भी दावेदारी की थी, लेकिन 38 वोट से हार गए थे. खंड विकास अधिकारी कायमगंज ने बताया कि जानकारी नहीं है. वह मामले की जांच कराएंगे और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे. जिलाधिकारी ने भी जांच का आश्वासन दिया है.