)
विशाल सिंह/आगरा : आगरा में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. शहर के थाना मंटोला क्षेत्र स्थित सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी एक दो मंजिला दुकान अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय दुकान के अंदर 4-5 लोग थे, घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सीएम योगी ने लिया हादसे पर संज्ञान
वहीं जानकारी मिलने पर सीएम योगी ने घटना पर संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने प्रशासन और अधिकारियों को मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य तेज कराने के निर्देश दिये है. साथ ही हताहत और उनके परिवारों को हर मुमकिन मदद पहुंचाने के लिए कहा है. साथ ही सीएम योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ. बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम से जारी रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण दुकान की नींव कमजोर हो गई थी. इसी दौरान अचानक पूरी इमारत ध्वस्त हो गई और दुकान में मौजूद लोग मलबे में फंस गए.
सूचना पर पहुंची पुलिस, राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना मंटोला पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए. जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया. बचाव दल और एसडीआरएफ की टीम ने 4 लोगों को बाहर निकाला है.
दुकानदारों ने पहले ही जताई थी हादसे की आशंका
वहीं सुभाष बाजार की घटना को लेकर दुकानदारों ने बड़ा आरोप लगाया है. दुकानदारों ने कहा कि वे निगम से गुहार लगा चुके हैं. 9 जून को बाजार के लोगों ने नगर निगम को पत्र लिखकर बताया था कि नाले के ऊपर बनी 8 दुकानों में दरारें आ गई हैं जिसकी वजह से कभी भी हादसा हो सकता है. बाजार कमेटी ने बारिश से पहले प्लेटफॉर्म व दुकानों के पुनर्निर्माण की मांग की थी. दुकानदारों ने पत्र में लिखा था कि कार्रवाई न हुई तो बड़े हादसे का खतरा है. पुनर्निर्माण नहीं तो स्वयं निर्माण की अनुमति देने की मांग भी पत्र में की गई थी. लेकिन नगर निगम ने ध्यान नहीं दिया. आज 8 जुलाई को नाले के ऊपर एक दुकान धराशाई हो गई.
पहली बारिश में टूटी VIP रोड
आगरा में पहली बारिश से न सबक लिया और न नगर निगम की चिरनिंद्रा टूटी, एक बार फिर तेज़ बरसात ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है. शहर की वीआईपी रोड पर खेरिया मोड़ के पास कई फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया. सबसे बड़ी बात यह है कि इसी मार्ग पर एयरफोर्स का मुख्य गेट है और ठीक पास में भाजपा सांसद राजकुमार चाहर का आवास भी स्थित है. इसके बावजूद हर साल बरसात में यहां जलभराव की वही पुरानी तस्वीर देखने को मिलती है.
उत्तर प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें UP News और पाएं हर पल की जानकारी. उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड.