)
Basti Hindi News: उत्तर प्रदेश के बस्ती से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति और उसकी दो पत्नियां एक जघन्य हत्याकांड का कारण बन गईं. पति, पहली पत्नी और बेटी ने मिलकर दूसरी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
कहां का है मामला?
जानकारी के मुताबिक, मिश्रौलीय गांव निवासी नौहर चौधरी की पहली शादी विद्यावती से हुई थी, जिनसे उन्हें एक बेटी लक्ष्मी है. कुछ समय बाद नौहर ने सुनीता नाम की महिला से मंदिर में दूसरी शादी कर ली. सुनीता शादी के बाद नौहर के घर आने-जाने लगी और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे.
दूसरी पत्नी की मांग बनी काल
इस बीच सुनीता बीमार रहने लगी, जिसके चलते उसके इलाज पर काफी खर्च होने लगा. इलाज के बढ़ते खर्चों को देखकर पहली पत्नी विद्यावती और बेटी लक्ष्मी नाखुश रहने लगीं. दोनों को यह लगने लगा कि सुनीता की डिमांड दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, जिससे घर की आर्थिक स्थिति पर बोझ बढ़ रहा है.
ऐसे उतारे मौत के घाट
24 अप्रैल को सुनीता घर पर आई और पैसे लेकर चली गई. इसके बाद विद्यावती, लक्ष्मी और नौहर ने मिलकर सुनीता को रास्ते से हटाने की साजिश रची. योजना के तहत जब सुनीता दोबारा घर आई तो तीनों ने मिलकर पहले उसे पीटा और फिर दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा (आला कत्ल) बरामद कर लिया. पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
और पढे़ं: