Ghaziabad ATM Cash Van Loot: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बुधवार को एक एटीएम कैश वैन से दिन-दहाड़े लूट हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी गई
Trending Photos
)
Ghaziabad: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बदमाशों ने 25 लाख रुपये की नकदी ले जा रही एक वैन को निशाना बनाते हुए लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. वारदात के दौरान वैन में तैनात गार्डों ने बहादुरी दिखाते हुए फायरिंग की, लेकिन हथियारबंद बदमाशों ने जवाबी गोलीबारी कर हालात अपने पक्ष में कर लिए.
चालक को बंधक बनाकर वैन ले भागे लुटेरे
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वैन के चालक को बंधक बना लिया और उसे अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए. कुछ दूरी तय करने के बाद उन्होंने मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास वैन को छोड़ दिया और मौके से भाग निकले. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
दिल्ली नंबर प्लेट की गाड़ी से आए थे लुटेरे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस वारदात में इस्तेमाल की गई कार पर दिल्ली का नंबर प्लेट लगा था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधी बाहरी हो सकते हैं और पहले से योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू की
पुलिस ने आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. साथ ही, घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्तों का पता लगाया जा सके.
ये भी पढ़ें : अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के सैकड़ों कर्मचारियों से 400 करोड़ की ठगी, निवेश के नाम पर तीन कंपनियों ने लूटा!
घटना पर पुलिस का बयान
गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है. हालांकि, अब तक लूटी गई रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन प्राथमिक जानकारी के आधार पर वैन में बड़ी मात्रा में नकदी होने की बात सामने आई है.
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और नकदी परिवहन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें : अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के सैकड़ों कर्मचारियों से 400 करोड़ की ठगी, निवेश के नाम पर तीन कंपनियों ने लूटा!