)
Ghaziabad News: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सारिक मेवाती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अधिकांश आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जा चुका है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में सारिक ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है.
इंदिरापुरम अंडरपास से दबोचा गया आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक खोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में वांछित सारिक मेवाती को बुधवार को इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया. मूल रूप से अलीगढ़ के छर्रा बादशाह नगला का रहने वाला सारिक खोड़ा इलाके में रहकर एक कंप्यूटर की दुकान पर काम करता था. उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार सारिक ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों असद, फरहान, आतिफ और असद के पिता नवाब के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकू से हमला किया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी.
प्रशासन का सख्त एक्शन जारी
हत्याकांड के बाद प्रशासन और पुलिस ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान बिना आवश्यक अनुमति और वैध पंजीकरण के संचालित दो मदरसों को सील किया गया. इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है. वहीं मुख्य आरोपी असद के मकान पर नोटिस चस्पा कर सरकारी भूमि पर निर्माण से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है.
सोशल मीडिया पर भी निगरानी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने वालों पर भी पुलिस की नजर है. पुलिस ने विभिन्न जिलों में ऐसे कई लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है, जिन पर माहौल खराब करने का आरोप है.
सूर्या हत्याकांड: अब तक की पूरी टाइम लाइन
28 मई 2026 (बकरीद): खोड़ा के नवनीत विहार में 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
29 मई: अस्पताल में इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई.
30-31 मई की रात: मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. इसके बाद नवाब, फरहान और आतिफ सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.
2 मदरसे सील: वहीं सूर्या की हत्या की घटना को लेकर प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध मदरसों के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया. प्रशासनिक कार्रवाई में दो मदरसे सील किये और संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया.
4 जून: 25 हजार का इनामी आरोपी सारिक मेवाती गिरफ्तार कर लिया गया.
मामले के अधिकांश आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. वहीं परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों को कानून के अनुसार दंड दिलाने की प्रक्रिया जारी है.