Dashavatara Temple: उत्तर प्रदेश में राम नगरी अयोध्या, शिव नगरीकाशी, कान्हा की नगरी मथुरा, संगम नगरी प्रयागराज की धार्मिक महत्वता के बारे में आप भी जानते होंगे लेकिन क्या आपको पता है यूपी में एक ऐसा जिला है, जहां 1500 साल पुराना दशावतार मंदिर है. यहां गुप्तकाल के जीवंत प्रमाण मिलते हैं.
यूपी के बुंदेलखंड के ललितपुर जिले में देवगढ़ में यह प्राचीन मंदिर स्थित है, जिसका नाम है दशावतार मंदिर. यह भगवान विष्णु को समर्पित है. मान्यता है कि दशावतार मंदिर का निर्माण गुप्त शासन काल में हुआ था. मंदिर करीब 1500 साल पुराना है.
इस मंदिर में भगवान विष्णु के दस अवतार एकसाथ देखने को मिलते हैं. मंदिर का निर्माण चिनाई वाली ईंटों से किया गया. समय के साथ यह आस्तित्व खोता गया. मौजूदा समय में यहां मंदिर के अवशेष देखने को मिलते हैं. यहां कृष्ण जन्म, कृष्ण कंस की लड़ाई, पांच पांडवों की मूर्तियां हैं.
इस मंदिर की दीवारों पर हाथी, कमल, देवी-देवताओं समेत कई फूलों की प्रतिमा को उकेरा गया है. इसके दरवाजे पर गंगा-यमुना की नक्काशी है. पट्टी पर वैष्णव पौराणिक कथाओं का उल्लेख देखने को मिलता है.
गुप्तकालीन स्थापत्य कला का यह उत्कृष्ट उदाहरण है. यहाँ की अद्भुत नक्काशी और सूक्ष्म शिल्पकला बेहद प्रभावशाली है. यहां की हर प्रतिमा और शिला विष्णु भक्ति की अमिट छाप छोड़ती है. जिसमें भगवान विष्णु के अनंतशायी स्वरूप से लेकर गजेंद्र मोक्ष तक प्रत्येक अवतार की कहानी को सजीव करता है.
लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता की जिम्मेदारी हमारी नहीं है.एआई के काल्पनिक चित्रण का जी यूपीयूके हूबहू समान होने का दावा या पुष्टि नहीं करता.