Kanpur News: उत्तर प्रदेश का कानपुर में एक आटा चक्की में हुए ब्लास्ट से 15 साल के किशोर की मौत हो गई. घटना का लाइव सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
Trending Photos
)
Praveen Pandey/Kanpur: कानपुर देहात के रुरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चलती हुई आटा चक्की अचानक ब्लास्ट हो गई. हादसे में चक्की का पत्थर टूटकर उछला और वहां खड़े 15 वर्षीय मोहित के सिर में जा लगा. धमाका इतना जोरदार था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना का भयावह वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है.
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी संजय का बेटा मोहित (कक्षा 10 का छात्र) अपने 75 वर्षीय दादा संतलाल के कहने पर शाम को 10 किलो बाजरा पिसवाने साइकिल से पास की चक्की पर गया था. ग्रामीणों ने बताया कि मोहित अपने दादा का बेहद लाड़ला था और उनकी हर बात मानता था.
करीब दोपहर साढ़े तीन बजे वह चक्की पर पहुंचा और बाजरा पिसवाने के लिए कहा. इस दौरान वह वहीं खड़ा होकर इंतजार कर रहा था.सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि चक्की चल रही थी और मोहित उसके पास खड़ा था, तभी अचानक तेज धमाके के साथ चक्की का पत्थर फट गया. पत्थर लोहे के कवर को तोड़ते हुए सीधे मोहित के सिर के पीछे वाले हिस्से में लगा. मौके पर आटे का धुआं फैल गया और लोग दहशत में आ गए.
अस्पताल पहुंचने से पहली चली गई जान
धमाके के तुरंत बाद चक्की बंद की गई. वहां मौजूद लोग जब दौड़कर पहुंचे तो मोहित खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था. ग्रामीणों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गांव में मातम छा गया और लोग गमगीन हो गए. सूचना मिलते ही रुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने चक्की मालिक से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
यह दर्दनाक हादसा न केवल गांव को दहला गया, बल्कि इसने सवाल खड़े कर दिए हैं कि ग्रामीण इलाकों में चल रही आटा चक्कियों में सुरक्षा के मानक कब लागू होंगे.
ये भी पढ़ें: हाथरस में रोडवेज बस, टैंकर में आमने-सामने की टक्कर, बच्चे समेत तीन लोगों की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें UP News और पाएं हर पल की जानकारी । उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड !