Traffic Diversion in Lucknow: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कल 7 मई को आईपीएल मैच होगा. ऐसे में लखनऊ में भारी ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है.
Trending Photos
)
Lucknow Traffic Diversion: आईपीएल (IPL) मैच के चलते कल यानी 7 मई 2026 को इकाना स्टेडियम में 50 हजार से ज्यादा की भीड़ आने की संभावना है. इसको देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं. ऐसे में आपभी घर से निकलने से पहले लखनऊ पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था जान लें. ताकि जाम में फंसने से बचे रह सकें.
लखनऊ में भारी ट्रैफिक डायवर्जन
जानकारी के मुताबिक शहीद पथ, अहिमामऊ चौराहा, कमता तिराहा, सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर व्यापक डायवर्जन लागू किया गया है. यह डाइवर्जन दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी. लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने आम नागरिकों, खासकर बड़े वाहन, बस और कमर्शियल वाहन चालकों से अपील की है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें.
भारी वाहनों पर रहेगी रोक
मुख्य रूप से शहीद पथ तिराहा (अयोध्या रोड) से शहीद पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी. ऐसे वाहनों को कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग चौराहा, बाराबिरवा चौराहा या इंदिरा नहर चौराहा से होते हुए किसान पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
किसान पथ से जा सकेंगे
शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से सुल्तानपुर, रायबरेली या अयोध्या रोड जाने वाले वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा किसान पथ से गुजरेंगे. गोसाईगंज कस्बा तिराहा (सुल्तानपुर रोड) से बड़े वाहन/बस अमूल डेरी कटिंग से अहिमामऊ की ओर नहीं जा सकेंगे. उन्हें वृन्दावन योजना या कबीरपुर किसान पथ से जाना होगा.
वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे
उतरेठिया अंडरपास चौराहा (रायबरेली/कैंट रोड) से बड़े वाहन शहीद पथ पर चढ़कर अहिमामऊ या कमता की ओर नहीं जा सकेंगे. ये वाहन वैकल्पिक रूट तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा या हरीकंशगढ़ी किसान पथ से जा सकेंगे. हुसड़िया अंडरपास से अहिमामऊ चौराहा या शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा की ओर यातायात बंद रहेगा. वाहन शहर क्षेत्र से 1090 चौराहा होते हुए जाएंगे.
अहिमामऊ चौराहा बंद रहेगा
लालबत्ती चौराहा से अहिमामऊ, सुल्तानपुर, रायबरेली या कानपुर रोड की ओर बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे. सुल्तानपुर रोड से अमूल तिराहा होते हुए अहिमामऊ चौराहा प्रतिबंधित रहेगा. वाहनों को लुलु मॉल कटिंग से शहीद पथ पर चढ़ना होगा. अहिमामऊ चौराहा से प्लासियो की ओर पूरा यातायात बंद रहेगा. एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा, ओवरहेड गोल चक्कर चौराहा से जा सकेंगे.
दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा वाहनों का दबाव
अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न (कैंट/पुलिस मुख्यालय/गोमतीनगर जाने के लिए) दोपहर 2 बजे से मैच समाप्ति तक पूरी तरह बंद रहेगा. सुल्तानपुर रोड से अहिमामऊ चौराहा आने-जाने वाले सभी बड़े वाहन/बस कबीरपुर तिराहे से किसान पथ का उपयोग करेंगे. वहीं, यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शहीद पथ पर दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहन दबाव रहने की संभावना है.
शहीद पथ पर जाने से बचें
कानपुर, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा, अमौसी जाने वाले वाहन चालक शहीद पथ पर जाने से बचें. इकाना स्टेडियम पार्किंग के लिए बड़े वाहन अहिमामऊ चौराहा से गुजरेंगे. स्टेडियम पहुंचने के लिए अर्जुनगंज-कैंट मार्ग का विकल्प इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें : गुड न्यूज! कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा कानपुर रिंग रोड, बदरका मार्ग पर बनेगा नया इंटरचेंज
यह भी पढ़ें : लखनऊ एयरपोर्ट पर 12 करोड़ का नशीला पदार्थ बरामद, बैंकॉक से आई फ्लाइट का यात्री निकला नशे का सौदागर