Lucknow Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगा है. हवा में ठंडक का एहसास बढ़ गया है और आने वाले दिनों में कोहरे की दस्तक की संभावना जताई जा रही है, लेकिन सर्दी बढ़ने से पहले ही जिस तरह से लखनऊ में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई, उसने प्रशासन और आम जनता दोनों की चिंता बढ़ा दी है. आइये जानते हैं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लखनऊ समेत यूपी का मौसम कैसा रहने वाला है.
)
उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के हल्के असर से पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी हिस्सों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
)
राजधानी लखनऊ में एयर क्वालिटी लगातार गिरती जा रही है. गुरुवार को धूप तो निकली, लेकिन आसमान में धुंध की परत छाई रही. गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं आर्द्रता का स्तर 45 से 85 फीसदी के बीच रहा.
)
राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ऑरेंज जोन में रही. तालकटोरा का AQI 223 और लालबाग का 214 रिकॉर्ड किया गया. ये दोनों क्षेत्र खराब श्रेणी में शामिल रहे. वहीं गुरुवार रात 8 बजे लखनऊ का औसत AQI करीब 200 दर्ज किया गया. जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दर्जे में आता है. अगर हवा की गुणवत्ता इसी तरह से खराब होती रही तो आने वाले दिनों में लखनऊ की सड़कों पर 'सांसों का संकट' पैदा हो सकता है.
)
प्रदूषण के कारण PM 2.5 और PM 10 कणों की मात्रा हवा में खतरनाक स्तर तक बढ़ी है, जिससे सांस और एलर्जी से जुड़ी दिक्कतें बढ़ गई हैं. विशेषज्ञों ने संवेदनशील लोगों को सुबह और शाम के समय घर से बाहर कम निकलने की सलाह दी है.
)
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस समय कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है. आने वाले दिनों में दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन रातें और ठंडी होंगी. बीते दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में करीब 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी. अब अधिकतम तापमान सामान्य हो गया है, लेकिन न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की और गिरावट होने की संभावना है.
)
लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता का दावा या पुष्टि ज़ी यूपी/यूके नहीं करता.