UP Weather Update Today: अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
1/7UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ ली है. प्रदेश में मंगलवार को नोएडा समेत ज्यादातर जिलों में बारिश हुई. अब बुधवार को भी कई जिलों में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. नोएडा सहित कई शहरों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बारिश होने के कारण मौसम ठंडा हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
2/7मौसम विभाग ने आज 60 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश होगी. जिन जिलों में बारिश होने का अलर्ट है, उनमें गौतमबुद्धनगर, संभल, बदायूं, कांशीरामनगर, अलीगढ़, महामायानगर, एटा, फिरोजाबाद, आगरा और ललितपुर जिला शामिल हैं.
3/7जिन जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें मथुरा, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन, अलीगढ़, कानपुर, ज्योतिबा फुले नगर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और देवरिया शामिल है. इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चलेगी. 8 जुलाई को लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
4/7अब अगर बात करें मंगलवार के मौसम की तो लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, मुरादाबाद समेत 50 शहरों में झमाझम बारिश हुई. शामली की सड़कों पर तो नदियों जैसा नजारा दिखा. उधर, मथुरा का हाल भी इससे कुछ कम नहीं था. अमरोहा जिले में महज एक घंटे की बारिश में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पानी भर गया.
5/7आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में दबाव क्षेत्र बना था, जो उत्तरी ओडिशा तट के पार करते हुए दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास केंद्रित है. इसके असर से यूपी में मानसून ने जोर पकड़ लिया है. प्रदेश के कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी बताया कि इस साल यूपी समेत पूरे देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है.
6/7भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, मानसून के तेजी से सक्रिय होने की वजह से उत्तर और पूर्वी भारत में अगले कुछ घंटे बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं, जहां मूसलाधार बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) की गंभीर चेतावनी दी गई है. इस मौसमी बदलाव का सबसे बड़ा असर उत्तर प्रदेश पर पड़ेगा, जहां तेज तूफानी हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.
7/7मौसम विभाग का कहना है कि 12 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है. पश्चिमी यूपी में 8 से 10 जुलाई के बीच अनेक स्थानों पर बारिश होने के साथ ही कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है. पूर्वी यूपी में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की विशेष सलाह दी है.