Mathura News: दिल्ली से परिवार के साथ मथुरा पहुंचे श्रद्धालु की दर्शन के समय अचानक तबीयत बिगड़ गई. श्रद्धालु को मेडिकल टीम अस्पताल लेकर गई, लेकिन जान नहीं बच पाई.
Trending Photos
)
Mathura News: मथुरा के श्रीठाकुर बांके बिहारी मंदिर में शनिवार सुबह दर्शन करने पहुंचे दिल्ली के एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. भीड़भाड़ के बीच मंदिर परिसर में घबराकर गिर पड़े श्रद्धालु को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत
शनिवार सुबह मथुरा में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच तब अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आए 67 वर्षीय अखिल केशव शरण माथुर की अचानक तबीयत बिगड़ गई. अखिल सुबह करीब 9:45 बजे अपने परिजनों के साथ ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे थे. जैसे ही वे गेट नंबर-2 से मंदिर परिसर में प्रवेश कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक घबराहट और तेज बेचैनी महसूस होने लगी. कुछ ही क्षणों में वे बेहोश होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े, जिससे आसपास मौजूद श्रद्धालु भी घबरा गए.
पांच साल से चल रहा था दिल का इलाज
मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मेडिकल टीम को सूचित किया. प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता देने के बाद अखिल को गंभीर अवस्था में सौ शैया अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि अखिल पिछले करीब पांच वर्षों से हृदय रोग से जूझ रहे थे और इलाज भी चल रहा था.
सुबह रहती है ज्यादा भीड़
उनका कहना है कि दर्शन के समय मंदिर में काफी भीड़ थी और गेट नंबर-2 के पास धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही थी. भीड़ के दबाव के बीच अखिल की हालत अचानक बिगड़ गई और वे संतुलन खो बैठे. मंदिर प्रशासन की ओर से बताया गया कि सुबह के समय भीड़ अपेक्षाकृत अधिक रहती है. जिस कारण कुछ स्थानों पर दबाव बढ़ जाता है. घटना के बाद मंदिर में मौजूद पुलिस व सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की.
यह भी पढ़ें : आगरा-दिल्ली हाईवेपर विदेशी पर्यटक हादसे का शिकार, इजरायली नागरिक की बाइक फिसलने से मौत
यह भी पढ़ें : सुनो! मैं शादी नहीं करूंगी...सात फेरों के बाद दुल्हन का चौंकाने वाला फैसला, सुनकर दंग रह गए लोग