)
Hapur News: एक बेटी... जो अपने माता-पिता का लाड़-प्यार और अपना घर छोड़कर इस उम्मीद के साथ ससुराल आती है कि वहां उसे एक नया परिवार और सम्मान मिलेगा. लेकिन जब वही ससुराल उसके लिए एक जीता-जागता नरक बन जाए, तो रूह कांप उठती है. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़ कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 12 साल बाद भी बच्चा न होने पर एक बेबस महिला को अमानवीय यातनाएं दी गईं. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे ने उस खौफनाक मंजर को कैद किया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा फट जाए.
तस्वीरों में दिख रहा यह खौफनाक मंजर किसी फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि हापुड़ में एक विवाहिता के साथ असल जिंदगी में गुजर रहा दर्द है. इस वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक बेरहम पति अपनी ही पत्नी पर जानवरों की तरह टूट पड़ा है. वह उसे थप्पड़ और घूंसों से बेरहमी से मार रहा है. हैरान करने वाली बात तो यह है कि जब यह हैवानियत हो रही थी, तब घर के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने के बजाय मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रहे थे. किसी के भी दिल में उस चीखती-चिल्लाती महिला के लिए जरा भी रहम नहीं जागा.
पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी को 12 साल हो चुके हैं, लेकिन संतान सुख न मिलने के कारण उसके ससुराल वाले उसे पिछले 12 वर्षों से लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. जुल्म की इंतेहा तब हो गई जब उसे कई दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा गया. इस बार तो उसे जान से मारने का भी प्रयास किया गया.
सिसकती और रोती हुई इस बेटी ने जब मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई, तो हर सुनने वाले की आंखें नम हो गईं. पीड़िता का कहना है कि उसके ससुराल वाले न सिर्फ उसे बल्कि उसके मायके वालों को भी जान से मारने की धमकियां देते हैं. इसके अलावा, उसने यह भी बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर गाड़ी चलाता है, जिससे पहले भी एक बड़ा हादसा हो चुका है.
ससुराल वालों के इस अमानवीय अत्याचार और जानलेवा हमले से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने अपने माता-पिता के साथ स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. घर के अंदर और बाहर गली में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इन जालिमों की सारी करतूतों को उजागर कर दिया है. अब यह प्रताड़ित बेटी कानून की चौखट पर न्याय और अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रही है. देखना होगा कि इस वायरल वीडियो और पुख्ता सबूतों के बाद पुलिस इन दोषियों के खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई करती है.