)
Meerut Tushar Tyagi Murder Case: मेरठ में तुषार त्यागी हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया हैं. पुलिस की जांच में ऐसी बात सामने आई हैं, जिससे हर कोई हैरान है. पुलिस के मुताबिक, तुषार के पिता सुंदर त्यागी ने ही 40 बीघा जमीन के लिए अपने बेटे की हत्या करवाई है. इस मामले में पुलिस ने सुंदर त्यागी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है.
क्या है ये पूरा मामला?
दरअसल, तुषार त्यागी का शव मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित पांची के पास उसकी कार में पड़ा मिला था. उसके सिर और गर्दन पर दो गोलियां लगी हुई थी. तुषार का पिता सुंदर त्यागी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी रहा है. बताया जा रहा है कि 30 बीघा जमीन बेचकर तुषार बिजनेस करना चाहता था, जिसका विरोध उसका पिता कर रहा था.
पिता ने क्या उठाया खौफनाक कदम?
पुलिस की मानें तो सुंदर त्यागी को शक था कि जमीन के लिए तुषार ने उसकी हत्या की साजिश रची है. इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी भी दे दी है, जिसके बाद सुंदर त्यागी ने अपने बेटे को ही रास्ते से हटा दिया. सोमवार को सुंदर त्यागी ने खाना मंगाने के बहाने से बेटे को बुलाया, जिसके बाद उसे रास्ते में अपने दोस्त अमित के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया.
तुषार की पत्नी ने क्या कहा?
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कार में पांची अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए. मंगलवार को तुषार की पत्नी शिखा ने पुलिस से बताया कि तुषार सोमवार की रात करीब आठ बजे थोड़ी देर में आने की बात कहकर निकला था. करीब एक घंटे बाद तुषार ने फोन करके बताया कि उसे बिट्टू त्यागी और कुछ अन्य साथी जंगल की तरफ ले जा रहे हैं और मारने की बात कह रहे हैं. इसके बाद दोनों फोन स्विच ऑफ हो गए.
आरोपी पिता और उसका दोस्त गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, दोनों फोन स्विच ऑफ होने के बाद पत्नी ने परिजनों और दूसरे लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी. इसी बीच रात 11 बजे उनके पास एक और कॉल आया, जिसमें बिट्टू ने बताया कि तुषार को गोली मार दी गई है. जब पुलिस ने पुलिस ने जांच की और सीसीटीवी की तलाश की तो तुषार की हत्या में पिता सुंदर त्यागी और उसका दोस्त दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
हालांकि, घटना में नामजद दो आरोपी बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी को भी क्लीन चिट नहीं दी गई है. पुलिस अब इन दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें UP News और पाएं हर पल की जानकारी. उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड.