Mirzapur News : उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी कर रही है. राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं विंध्य एक्सप्रेसवे और मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे के प्रस्तावों को अंतिम रूप दे दिया है.
1/5इन परियोजनाओं के पूरा होने पर उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा इंटरकनेक्टेड एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य बनेगा, बल्कि आम जनता के लिए यात्रा भी बेहद आसान हो जाएगी.
2/5विंध्य एक्सप्रेसवे राज्य के मौजूदा एक्सप्रेसवे नेटवर्क की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा. यह एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़कर प्रयागराज से शुरू होगा और वाराणसी, मिर्जापुर तथा सोनभद्र तक जाएगा. इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा.
3/5पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गाजीपुर होते हुए मिर्जापुर तक एक लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की योजना है. इस नेटवर्क के बनने से पूर्वांचल, विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र एक हाई-स्पीड कॉरिडोर के माध्यम से आपस में जुड़ जाएंगे. इससे इस पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा.
4/5मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है. यह हापुड़ से शुरू होकर हरिद्वार तक बनेगा. इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच धार्मिक पर्यटन और माल परिवहन को गति देना है. इसकी अनुमानित लागत लगभग 400 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर आंकी गई है. यह मार्ग न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि व्यावसायिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा.
5/5इन नई परियोजनाओं का सबसे बड़ा फायदा आम जनता को यात्रा के समय में बचत के रूप में मिलेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बीच जब विंध्य एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी जुड़ जाएगी, तो पूरा राज्य एक बड़े नेटवर्क में बदल जाएगा. इससे पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा के समय में 40 फीसदी तक की कमी आएगी.