)
UP Police Constable Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज 8 जून से शुरू हो रही है. तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 32679 पदों पर भर्ती के लिए कुल 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. यूपी के सभी 75 जिलों में 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
सॉल्वर गैंग पर कड़ी निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा से पहले कड़ी चेतावनी दी है. सॉल्वर गैंग पर भी निगरानी रहेगी. भर्ती बोर्ड ने साफ कहा है कि सिपाही भर्ती परीक्षा में सॉल्वर बनकर बैठने वालों की संपत्ति जब्त की जा सकती है. यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के DIG सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 1,183 केंद्र हैं, और उन सभी पर कड़ी और सतर्क सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिला स्तरीय अधिकारियों को खास निर्देश दिए गए हैं.
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
उन्होंने कहा कि मैं सभी उम्मीदवारों को यह भी निर्देश देना चाहता हूं कि वे अपने साथ केवल बॉलपॉइंट पेन, अपना एडमिट कार्ड और पहचान पत्र लाएं. हमारे पास 3-स्तरीय कंट्रोल सिस्टम है, जिससे हम सभी केंद्रों की लाइव निगरानी कर सकते हैं. परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होनी है, जिसमें हर दिन दो शिफ्ट होंगी और लगभग 28 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे. सभी परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं.
कर्मचारियों और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक होगी
परीक्षा केंद्रों में कर्मचारियों और उम्मीदवारों दोनों के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था भी लागू की है. संबंधित कानूनों के तहत, हम सबसे सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. 'सॉल्वर गैंग' से जुड़े नए कानून में 7 से 14 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है. बार-बार अपराध करने वालों को उम्रकैद और करोड़ों रुपये का जुर्माना हो सकता है. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके सभी को चेतावनी दी है और उनसे अपील की है कि वे कोई भी गुमराह करने वाली या गलत जानकारी न फैलाएं.
30 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए
मैं उम्मीदवारों, उनके अभिभावकों और आम जनता से अपील करना चाहता हूं कि वे झूठी, बेबुनियाद या गलत खबरें फैलाने वालों या किसी भी तरह का लालच देने वालों के झांसे में न आएं. हमने एक हेल्पलाइन नंबर और ईमेल पता दिया है, और हम अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी संपर्क में हैं. ऐसी बातों की तुरंत हमें रिपोर्ट करें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. सभी केंद्रों की निगरानी के लिए हमारे पास 30,000 से ज़्यादा CCTV कैमरे हैं.