)
Prayagraj : उत्तर प्रदेश में डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रशिक्षण सत्र 2026 में प्रवेश का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके बाद अब 15 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
14 सितंबर से शुरू होंगी क्लासेस
डीएलएड 2026 में इस बार राज्यभर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) और निजी प्रशिक्षण संस्थानों की कुल 2,34,800 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. प्रवेश राज्य स्तरीय मेरिट और काउंसिलिंग के आधार पर होगा. वहीं प्रशिक्षण सत्र की कक्षाएं 14 सितंबर 2026 से शुरू करने की तैयारी है.
15 जून से आवेदन शुरू
जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि अगस्त के पहले सप्ताह तक निर्धारित की गई है. आवेदन में संशोधन का मौका भी अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. इसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट जारी कर चरणबद्ध काउंसिलिंग कराई जाएगी.
अंतिम चरण में रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश
पहले चरण की काउंसिलिंग अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरू होकर सीट आवंटन और प्रवेश प्रक्रिया सितंबर तक चलेगी. वहीं दूसरे चरण की काउंसिलिंग भी सितंबर में प्रस्तावित है. अंतिम चरण में रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
दो वर्षों से लगातार देर से शुरू हो प्रशिक्षण सत्र
दरअसल पिछले दो वर्षों से डीएलएड प्रशिक्षण सत्र लगातार देरी का शिकार रहा है. वर्ष 2025 के सत्र की प्रवेश प्रक्रिया भी फरवरी 2026 में जाकर पूरी हो सकी थी. इसकी बड़ी वजह पात्रता से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित होना रहा. ऐसे में इस बार विभाग सत्र को समय पर शुरू करने के लिए पहले से तैयारी में जुट गया है.
इस बार अधिक छात्रों को आवेदन का मौका मिलने की उम्मीद
पीएनपी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब विस्तृत समय-सारिणी जारी की जाएगी. माना जा रहा है कि विश्वविद्यालयों के रिजल्ट मई-जून तक आने के चलते इस बार अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को आवेदन का अवसर मिलेगा.
प्रदेश के 67 डायट संस्थानों और निजी कॉलेजों में होने वाले इस प्रवेश को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह बढ़ गया है. अब सभी की नजर आधिकारिक नोटिफिकेशन और विस्तृत काउंसिलिंग शेड्यूल पर टिकी हुई है.

