माथे पर तिलक, हाथ में कलावा और भगवा साड़ी में दिखीं प्रियंका गांधी, UP कांग्रेस मुख्यालय में लगा पोस्टर
Advertisement

माथे पर तिलक, हाथ में कलावा और भगवा साड़ी में दिखीं प्रियंका गांधी, UP कांग्रेस मुख्यालय में लगा पोस्टर

उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी कार्यालय का आजकल कायाकल्प किया जा रहा है. साथ ही प्रियंका गांधी के चेहरे का एक पोस्टर भी लगाया गया है जो भगवा कलर में दिख रहा है.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी कार्यालय में लगा प्रियंका गांधी का नया पोस्टर.

लखनऊ: देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. वोटरों को लुभाने के लिए राजनीतिक दल कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. इसको लेकर कांग्रेस भी तैयारियों में जुट गई है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी कार्यालय का आजकल कायाकल्प किया जा रहा है. साथ ही प्रियंका गांधी के चेहरे का एक पोस्टर भी लगाया गया है जो भगवा कलर में दिख रहा है.

लगाया गया माला पहने और माथे पर तिलक लगा पोस्टर
कांग्रेस पार्टी कार्यालय को नए सिरे से सजाया जा रहा है. यहां नए स्टेज, नए ग्राउंड तैयार किए जा रहे हैं. उसी ग्राउंड में प्रियंका और राहुल गांधी के साथ साथ  प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के पोस्टर भी लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में एक खास बात यह है कि प्रियंका गांधी का जो पोस्टर लगाया गया है वह पूरी तरह भगवा कलर में दिख रहा है जिसमें प्रियंका गांधी माला पहने और माथे पर टीका भी लगाए हैं. 

वहीं, इस बदले स्वरूप पर कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अशोक सिंह का कहना है कि, कांग्रेस पार्टी हमेशा से बलिदानों की पार्टी रही है. कांग्रेस पार्टी कभी रंगों की राजनीति नहीं करती है. जो लोग रंगों पर राजनीति करते हैं वह अपनी बात बताएं, मगर कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों की मजदूरों की गरीबों की राजनीति करती रही है, उसे रंगों से कोई मतलब नहीं है.''

ट्विटर पर अक्सर उठाती हैं यूपी के मुद्दे 
उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर प्रियंका गांधी को राजनीतिक रूप से अति महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. अक्सर प्रियंका गांधी ट्विटर के जरिए उत्तर प्रदेश के मुद्दे उठाती रहती हैं, और प्रदेश की योगी सरकार को घेरती हैं. आगामी विधानसभा की तैयारियों के लिए वे उत्तर प्रदेश में ही अपना ठिकाना भी बनाने वाली हैं. 

मिशन 2022 के लिए प्रियंका गांधी की भूमिका मानी जा रही अहम
उत्तर प्रदेश में 2022 के आगामी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी का रोल कांग्रेस पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है. गौरतलब है कि, वह कुछ समय से सक्रिय दिखाई दे रही हैं. साथ ही, लगातार प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क भी कर रही हैं. 

यूपी विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की स्थिति
403 सीटों वाली विधानसभा में 2017 में कांग्रेस के खाते में महज 7 सीटें ही आई थी. वहीं, भाजपा ने पहली बार 325 सीटों पर प्रचंड बहुमत हासिल किया था. इस लिहाज से कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है. जिसकी कमान प्रियंका गांधी संभाल रही हैं.

WATCH LIVE TV

Trending news