)
Ankit Balyan Murder Case: उत्तर प्रदेश पुलिस की सख्त कार्यप्रणाली और एनकाउंटर की कार्रवाइयों का खौफ अब पड़ोसी राज्यों के अपराधियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. ताजा मामला हरियाणा की करनाल जेल में बंद अंडरट्रायल गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू से जुड़ा है. शामली पुलिस द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर उत्तर प्रदेश ले जाने की आहट पाकर गैंगस्टर को अपनी जान का डर सताने लगा है. एनकाउंटर की आशंका से घबराए आरोपी ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस और जेल अधिकारियों को एक लिखित पत्र भेजकर अजब-गजब मांग की है.
हथकड़ी, बेड़ियों और वीडियोग्राफी की मांग
गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू ने अधिकारियों को दिए आवेदन में बेहद अजीब, लेकिन खौफ से भरी गुहार लगाई है. उसने कहा है कि जब भी उसे उत्तर प्रदेश के शामली में अदालत या जांच के लिए प्रोडक्शन वारंट पर ले जाया जाए, तो उसके हाथों में हथकड़ी और पैरों में लोहे की बेड़ियां डाली जाएं. आरोपी की इस अजीब मांग के पीछे की वजह साफ है. वह चाहता है कि उस पर भागने की कोशिश करने का कोई आरोप न लगे और यूपी पुलिस उसका एनकाउंटर न कर सके.
इसके अलावा उसने मांग की है कि जेल से बाहर निकलने से लेकर वापस करनाल जेल पहुंचने तक की पूरी ट्रांजिट प्रक्रिया की अनिवार्य रूप से निरंतर वीडियोग्राफी कराई जाए, ताकि रास्ते की हर गतिविधि रिकॉर्ड में रहे.
अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ा है मामला
दरअसल, राकेश उर्फ पंपू मौजूदा वक्त में सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले (FIR नंबर 67) के तहत करनाल जेल में बंद है. उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अंकित बालियान हत्याकांड में भी उसकी संलिप्तता की बात सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने आर्यन और सत्यम नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी सुमित और मोहित पुलिस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं. शामली पुलिस अधीक्षक के बयानों के बाद राकेश पंपू को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी है.
सुरक्षा को लेकर की गई ये मांगें
आरोपी ने मांग की है कि जेल से बाहर ले जाने के दौरान भारी संख्या में हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं. पूरी यात्रा की रिकॉर्डिंग हो और हर आवाजाही का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा जाए. रास्ते में किसी भी अप्रिय घटना या एनकाउंटर की आशंका को टालने के लिए न्यायिक दिशा-निर्देशों के तहत सख्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं. इस पूरी घटना ने यह साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर कसा गया शिकंजा अब दूसरे राज्यों की जेलों में बंद बदमाशों में भी खौफ पैदा कर रहा है.
उत्तर प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Uttar Pradesh News और पाएं हर पल की जानकारी। उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड.