)
आगरा/कपिल अग्रवाल: आगरा में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि संगठन आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगा. उन्होंने कहा कि किसानों को उनका हक तभी मिल सकेगा, जब किसान खुद सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेंगे और अपनी सरकार बनाएंगे.
आगरा पहुंचे भानु प्रताप सिंह ने संगठनात्मक विस्तार के तहत गीता ठाकुर को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला.
सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप
भानु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है और उन्हें उनकी फसलों का वाजिब मूल्य नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते कर्ज के बोझ के कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, लेकिन आज सबसे अधिक संकट में वही है. एक ओर देश का जवान सीमा पर अपनी जान जोखिम में डालकर देश की रक्षा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर किसान आर्थिक तंगी से जूझते हुए अपनी जिंदगी गंवा रहा है.
शहीद जवानों, किसानों और पत्रकारों के लिए 5 करोड़ मुआवजे की मांग
भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांग की कि हादसों या ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले किसानों, जवानों और पत्रकारों के परिजनों को कम से कम 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज के इन वर्गों का देश निर्माण में अहम योगदान है और उनके परिवारों को पर्याप्त सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए.
403 विधानसभा और 543 लोकसभा सीटों पर उतारे जाएंगे उम्मीदवार
भानु प्रताप सिंह ने घोषणा की कि भारतीय किसान यूनियन (भानु) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और देश की 543 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. उन्होंने कहा कि अब किसान केवल अपनी मांगों को लेकर आंदोलन नहीं करेगा, बल्कि राजनीतिक रूप से भी मजबूत होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा.
उन्होंने कहा, "किसान अब अपनी सरकार बनाकर अपने अधिकार और सम्मान की लड़ाई खुद लड़ेगा."
उत्तर प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें UP News और पाएं हर पल की जानकारी. उत्तर प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड.