कैसा होगा योगी आदित्यनाथ के 5 वर्ष के कार्यकाल का पांचवां दीपोत्सव, जानिए पूरी डिटेल
Advertisement

कैसा होगा योगी आदित्यनाथ के 5 वर्ष के कार्यकाल का पांचवां दीपोत्सव, जानिए पूरी डिटेल

दीपोत्सव से शुरू होगी योगी आदित्यनाथ की यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी

पिछले साल भव्य दीपोत्सव के मौके पर कुुछ ऐसी जगमगाई थी अयोध्या (फाइल फोटो).

अयोध्या / मनमीत गुप्ता. अयोध्या में योगी आदित्यनाथ सरकार के पांचवें दीपोत्सव में प्रदेश की सांस्कृतिक झलकियां देखने को मिलेंगी.  इस बार का यह उत्सव  योगी सरकार का पांचवां दीपोत्सव है. यह सरकार के पांच वर्षीय कार्यकाल की तरह 5 दिन तक ही मनाया जाएगा.  इसके आयोजन की तिथियां  1 नवम्बर से 5 नवम्बर तक होंगी.  इस आयोजन के तीसरे दिन यानि 3 नवंबर को  अयोध्या के 13 सांस्कृतिक मंचों पर प्रदेश की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी.  अयोध्या धाम में राम कथा पार्क, गुप्तार घाट, भरतकुंड, बड़ी देवकाली, बिरला धर्मशाला, हनुमानगढ़ी, राम जानकी मंदिर साहबगंज, जालपा मंदिर, साकेत महाविद्यालय, राज सदन, तुलसी उद्यान, कनक भवन, दशरथ महल, इन जगहों पर सांस्कृतिक मंच तैयार किए जा रहे हैं

13 सांस्कृतिक मंच पर देश और प्रदेश की संस्कृति की झलकियां
इन 13 सांस्कृतिक मंच पर ढिढिया नृत्य , लोक नृत्य , पाई डंडा नृत्य , धोबिया नृत्य , ब्रज नृत्य , बम रसिया , ढोल वादन , राम दरबार , राई नृत्य , बीन जोगीया नृत्य , बहुरूपिया , राम सेना , फरूवाही , मादन वादन , रणसिंहा जैसी सांस्कृतिक विरासत आपको देखने को मिलेगी.  जिसमें उत्तर प्रदेश के वाराणसी, आजमगढ़ , बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, गोंडा, बाराबंकी, नोएडा, मथुरा, कानपुर , शाहजहांपुर, गाजीपुर, भदोही, बांदा के कलाकार अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रस्तुत करेंगे.  साथ ही देश के अन्य राज्य मंगलौर, दिल्ली, पटना बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, कोलकाता, असम के कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलकियां 3 नवंबर दीपोत्सव के दिन अयोध्या में प्रस्तुत करेंगे.  अयोध्या में 3 नवंबर को सुबह 10:00 बजे से रात के 10:00 बजे  तक 12 घंटे दीपोत्सव के भव्य और विशाल कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

अयोध्या की सड़कों पर योगी के कार्यों की झाकियां
देश और प्रदेश की सांस्कृतिक झलकियां 3 नवंबर को साकेत डिग्री कॉलेज से रामकथा पार्क के बीच की सड़कों पर दिखाई देगी.  सुबह 10:00 बजे साकेत डिग्री कॉलेज से 11 झांकियों का रथ निकलेगा. यह रथ उत्तर प्रदेश सरकार के इन 5 वर्षों में किए गए कार्यों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ते हुए झांकियों के रूप में दिखाएगा. जिसमें मुख्य रुप से शबरी राम मिलन, पुत्रेष्ठि यज्ञ, अहिल्या उद्धार , गुरुकुल शिक्षा, राम सीता विवाह, पंचवटी , सेतुबंध,  रामेश्वर की स्थापना, केवट प्रसंग, राम दरबार राज्याभिषेक, पुष्पक विमान , लंका दहन जैसे प्रसंग देखने को मिलेंगे. 

ऐसी है 3 नवम्बर के दीपोत्सव कार्यक्रम की पूरी रुपरेखा
(स्थान- रामकथा पार्क व राम की पैड़ी)

  • 10 बजे से 3 बजे तक झांकी व रामायण कॉर्निवाल साकेत से राम कथा पार्क. 
  • 3.20 से 3.30 तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल , योगी सरकार के साथ शोभायात्रा का अवलोकन. 
  • 3.30 से 3.45 तक राम सीता का पुष्पक विमान हैलीकॉप्टर से अयोध्या राम कथा पार्क में आएगा. 
  • 3.45 से 4.15 तक राम कथा पार्क में राम सीता का राज्याभिषेक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उनकी कैबिनेट, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व अन्य अतिथि द्वारा होगा.
  • 4.15 से 6 बजे तक अयोध्या की पूर्ण हुई योजनाओं का लोकार्पण, नवीन योजनाओं का शिलान्यास. दीपोत्सव 2021 को प्रोत्साहित करने के लिए देश भर के 50 टूर ऑपरेटर्स का सम्मान. भारतीय भाषाओं में राम पुस्तक का विमोचन. श्री रामकला भारती दिल्ली द्वारा रामायण के प्रसंग का प्रस्तुतिकरण. 
  • 6.05 से 6.40 तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , राज्यपाल आनंदीबेन पटेल , विशिष्ठ अतिथियों द्वारा सरयू घाट राम की पैड़ी, सरयू पूजन व आरती. 
  • 6.45 से 7.15 तक राम की पैड़ी में 7 लाख 51 हजार दीपों को जलाकर रिकॉर्ड बनाना, जिसके लिए 32 घाटों पर 9 लाख दिए जलाए जाएंगे. 
  • 7.15 से 7.55 तक राम की पैड़ी में थ्री डी होलोग्राफी शो, प्रोजेक्शन मैपिंग शो, रामायण पर आधरित लेजर शो का प्रदर्शन.  
  • 8.20 पर रामकथा पार्क में तीन देशों की रामलीला का प्रस्तुतिकरण, 5 विभूतियों का सम्मान.

तीन नवंबर के अलावा  5 दिवसीय दीपोत्सव में कुछ ऐसे हैं आयोजन 

  • 1 नवंबर को लाइट एंड शो का आयोजन होगा.
  •  2 नवंबर को श्रीलंका की रामलीला का आयोजन किया जाएगा, विभिन स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा.
  • 4 व 5 नवंबर को राम की पैड़ी में लेजर लाइट शो का आयोजन किया जाएगा. 

WATCH LIVE TV

Trending news