)
Varanasi News: सावन के पावन महीने में बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ने वाली शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है. मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के बीच हुई इस बैठक में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और चिकित्सा जैसी 50 से अधिक व्यवस्थाओं पर अंतिम मुहर लगाई गई. इस बार सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने कई बड़े और कड़े फैसले लिए हैं.
सावन भर VIP और प्रोटोकॉल दर्शन पूरी तरह बंद
श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए सावन के पूरे महीने वीआईपी (VIP) और प्रोटोकॉल दर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. किसी भी तरह की सिफारिश, विशेष अनुरोध या वीआईपी पास स्वीकार नहीं किए जाएंगे. सभी भक्तों को केवल सामान्य कतार (General Queue) से ही बाबा के दर्शन करने होंगे. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सावन में कोई विशेष दर्शन नहीं होगा. यदि कोई व्यक्ति विशेष दर्शन कराने के नाम पर पैसे मांगता है या दुकान से प्रसाद लेने पर जल्दी दर्शन का दावा करता है, तो तुरंत पुलिस या मंदिर प्रशासन को सूचित करें.
बंद रहेंगे निशुल्क बैगेज काउंटर, इन सामानों पर रोक
भीड़ प्रबंधन को देखते हुए इस बार भी धाम के निशुल्क बैगेज काउंटर बंद रहेंगे. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मोबाइल, कैमरा, पेन, डिजिटल वॉच जैसे प्रतिबंधित सामान और अपना कीमती सामान होटल या घर पर ही छोड़कर आएं.
प्रवेश के लिए होंगे ये 7 रास्ते
गेट नंबर चार
काशी द्वार मार्ग 4बी
नंदू फारिया प्रवेश मार्ग
सिल्को प्रवेश मार्ग
ढुंढिराज प्रवेश मार्ग
सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग
भैरव द्वार प्रवेश मार्ग (मंदिर घाट की तरफ से)
घर बैठे होंगे बाबा के लाइव दर्शन और 5 विशेष शृंगार
जो श्रद्धालु किन्हीं कारणों से काशी नहीं पहुंच पा रहे हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है. सावन भर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. भक्त मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट, आधिकारिक यूट्यूब चैनल और टाटा स्काई के माध्यम से सीधा प्रसारण देख सकेंगे. इसके साथ ही सावन के दौरान बाबा के पांच विशेष शृंगार भी किए जाएंगे.
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
गोदौलिया से मैदागिन तक निशुल्क गोल्फ कार्ट और ई-रिक्शा सेवा चलाई जाएगी.
धाम परिसर में ठंडा पानी, ओआरएस (ORS), मेडिकल कैंप और इंडस्ट्रियल एयर कूलर के विशेष इंतजाम रहेंगे.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग को और दुरुस्त किया जा रहा है. लटकते बिजली के तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं.
बिछड़े अपनों को मिलाने के लिए 5 खोया-पाया केंद्र
भीड़ में यदि कोई अपनों से बिछड़ जाता है, तो उसकी सहायता के लिए धाम परिसर में 5 जगहों पर 'खोया-पाया केंद्र' बनाए गए हैं.
शंकराचार्य चौक
गेट नंबर एक (गंगा निकास द्वार)
गेट नंबर दो (सरस्वती फाटक)
गेट नंबर चार (मुख्य प्रवेश मार्ग)
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट
इस महत्वपूर्ण बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा, एसडीएम शंभू शरण, पुलिस उपायुक्त मिनी एल शेखर समेत सीआरपीएफ और पुलिस के 50 से अधिक उच्चाधिकारी मौजूद रहे.