Haridwar News: उत्तराखंड के हरिद्वार में 10 घंटे तक मजदूर की जान बचाने के लिए चला रेस्क्यू खत्म हो गया और वो जिंदगी भी खत्म हो गई, जिसके लिए परिजन और गांव वाले बीते 10 घंटे से दुआ कर रहे थे.
Trending Photos
)
करन खुराना/हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बोरवेल की खुदाई के दौरान एक मजदूर की जान चली गई. श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे यह हादसा हुआ, जब एक निर्माणाधीन मकान में हैंडपंप के लिए बोरिंग का काम चल रहा था.
बोरवेल की मिट्टी धंसने से दबा था मजदूर
बताया जा रहा है कि करीब 50 वर्षीय मजदूर मनोहर पाइप फिटिंग के लिए खुद ही गड्ढे के अंदर उतरा था. इसी दौरान अचानक कच्ची मिट्टी भरभराकर गिर गई और वह उसी में दब गया. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी.
गहराई और धंसती मिट्टी के चलते नहीं मिली सफलता
सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. शुरुआत में जेसीबी मशीन से गड्ढे के पास खुदाई की गई, लेकिन अधिक गहराई और लगातार धंसती मिट्टी के कारण सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद शाम करीब 5 बजे पोकलैंड मशीन मंगाई गई, जिससे राहत कार्य को आगे बढ़ाया गया.
10 घंटे चला रेस्क्यू,डटे रहे अफसर
करीब 10 घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दलों को बार-बार मिट्टी धंसने की समस्या से जूझना पड़ा. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहद सावधानी के साथ खुदाई की गई. मौके पर एसपी सिटी, सीओ सिटी और एसडीएम सहित प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे. एंबुलेंस भी मौके पर तैनात रखी गई थी.
नहीं बची मजदूर की जान
लंबी मशक्कत के बाद देर रात मजदूर को गड्ढे से बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
उत्तराखंड नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Uttarakhand News in Hindi और पाएं हर पल की जानकारी । उत्तराखंड की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के śलिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!