)
Uttarakhand Weather Forecast: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. इसके अलावा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है.
सात जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और यात्रियों को मौसम की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.
नैनीताल-अल्मोड़ा में बारिश, पहाड़ों पर बढ़ी ठंडक
मंगलवार को नैनीताल और अल्मोड़ा समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया. राज्य के अधिकांश पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार बने हुए हैं.
देहरादून में गर्मी बरकरार, लेकिन राहत के संकेत
राजधानी देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, हालांकि दोपहर बाद बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है,
कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 21 मिमी बारिश कोस्याकुटोली क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा श्रीनगर-अर्जुनगढ़ में 15.5 मिमी, थलीसैंण में 12 मिमी, पौड़ी में 10.5 मिमी और रिखणीखाल में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
6 जून तक उत्तराखंड का मौसम
4 जून को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गर्जना की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा. 5 जून को पहाड़ों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है और कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी के आसार हैं. 6 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. ऐसे में चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी का बात करें तो बुधवार को जसपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि आमतौर पर सबसे गर्म रहने वाले रुड़की में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा.
Disclaimer: लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता का दावा या पुष्टि ज़ी यूपी/यूके नहीं करता.