आज सेवानिवृत्त हो जाएंगे रतन टाटा, कमान मिस्त्री के हाथ

टाटा समूह को एक पारंपरिक औद्योगिक घराने से 100 अरब डालर के आधुनिक वैश्विक उद्योग समूह में तब्दील करने वाले समूह के चेयरमैन रतन टाटा शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

मुंबई : टाटा समूह को एक पारंपरिक औद्योगिक घराने से 100 अरब डालर के आधुनिक वैश्विक उद्योग समूह में तब्दील करने वाले समूह के चेयरमैन रतन टाटा शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। टाटा कल 75 वर्ष की आयु पूरी कर समूह की बागडोर 44 वर्षीय साइरस मिस्त्री को सौंपेंगे। मिस्त्री को पिछले साल टाटा का उत्तराधिकारी चुना गया था। इस महीने की शुरुआत में उन्हें औपचारिक तौर पर समूह का चेयरमैन नियुक्त किया गया।
रतन टाटा ने जेआरडी टाटा से समूह की कमान लेने के बाद बतौर चेयरमैन 21 वर्ष तक समूह को नेतृत्व प्रदान किया। वहीं टाटा संस में 18 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाले शपूरजी पलोनजी परिवार के सदस्य मिस्त्री का चयन पांच सदस्यीय चयन समिति द्वारा किया गया। टाटा के कार्यकाल में समूह का राजस्व कई गुना बढ़कर 2011.12 में कुल 100.09 अरब डालर (करीब 4,75,721 करोड़ रुपये) पहुंच गया जो 1991 में महज 10,000 करोड़ रुपये था।
टाटा समूह को एक बहुराष्ट्रीय उद्योग समूह में तब्दील करने की दूरदृष्टि के तहत रतन टाटा के नेतृत्व में समूह ने विदेश में कई कंपनियों के अधिग्रहण किए। इसमें 2000 में ब्रितानवी ब्रांड टेटली का 45 करोड़ डालर में अधिग्रहण शामिल है। रतन टाटा ने वैश्विक अधिग्रहण के मामले में भारतीय उद्योग जगत में नए मानक स्थापित किए। टाटा स्टील ने 2007 में ब्राजील की सीएसएन को शिकस्त देते हुए कोरस का 6.2 अरब पौंड में अधिग्रहण किया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.