भारत का आउटलुक उतना खराब नहीं, जितना लोग सोचते हैं: रतन टाटा

टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने कहा है भारत में भले ही सत्ता परिवर्तन जल्दी-जल्दी हुआ हो लेकिन वहां का आर्थिक परिदृश्य उतना खराब नहीं है जितना कोई सोचता है।

मेलबर्न : टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने कहा है भारत में भले ही सत्ता परिवर्तन जल्दी-जल्दी हुआ हो लेकिन वहां का आर्थिक परिदृश्य उतना खराब नहीं है जितना कोई सोचता है। हालांकि टाटा के अनुसार वह अनुभव करते हैं कि भारतीय मूल्य और आचार नीति धीरे-धीरे घटी है। यह गिरावट खासकर व्यापारिक समुदाय में देखी जा रही है। यूनिवर्सिटी आफ न्यू साउथ वेल्स द्वारा डाक्टरेट आफ बिजनेस की मानद उपाधि दिये जाने के मौके पर उन्होंने यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समूह मजबूत आचार नीति पर आधाारित है और कभी भी भ्रष्टाचार तथा रिश्वत में शामिल नहीं होगा।
समचार पत्र द आस्ट्रेलियन ने उनके हवाले से कहा है, भारत में भले ही सत्ता में जल्दी-जल्दी बदलाव आयें लेकिन आर्थिक परिदृश्य इतना बुरा नहीं है जितना की आप सोचते हैं..। टाटा ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि चीन लोकतंत्र की ओर बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक देशों को उन चीजों को लागू करने के लिये कदम उठाना होगा जो वे चाहते हैं। अगर उन्हें आगे बढ़ना है तो यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया तथा भारत को द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों खासकर उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में रिश्तों को मजबूत बनाना चाहिए।
आस्ट्रेलिया के बारे में टाटा ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया गतिशील देश है।’’ उन्होंने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी के मामले में कई ऐसे क्षेत्र है जहां आस्ट्रेलिया आगे है और भारत इससे लाभान्वित हो सकता है।’’ आस्ट्रेलिया तथा भारत के बीच व्यापार 2011 में बढ़कर 21 अरब डालर का हो गया जो 2000 में 3.1 अरब डालर का था।
टाटा ने यह भी कहा कि भारत में मूल्यों तथा नीतियों का तानाबाना धीमे-धीमे कमजोर हो रहा है और यह गिरावट व्यापारिक समुदाय में विशेष रूप देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि लेकिन टाटा समूह मूल्यों और मजबूत नीति पर आधारित है और कभी भी भ्रष्टाचार तथा रिश्वत में शामिल नहीं हुई और न होगा।
टाटा समूह भारत का सबसे बड़ा कारापोरेट घराना है जिसका सालाना कारोबार 80 अरब डालर से अधिक है। समूह नमक से लेकर साफ्टवेयर तथा वाहन बनाने समेत कई कारोबार से जुड़ा है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति फ्रेड हिलमेर ने टाटा को भारत तथा विश्व का विलक्षण उद्योगपति बताया और कहा कि भारत के आर्थिक तथा विश्व शक्ति के रूप में उभरने में वह महत्वपूर्ण कड़ी हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.