भारत की सहायता में 16% की कमी करेगा अमेरिका!
Advertisement

भारत की सहायता में 16% की कमी करेगा अमेरिका!

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने अपने देश से भारत को दी जाने वाली सहायता में 16 फीसदी तक की कमी करने का प्रस्ताव किया है।

वाशिंगटन : अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने अपने देश से भारत को दी जाने वाली सहायता में 16 फीसदी तक की कमी करने का प्रस्ताव किया है। अनुदान के मामले में दोनों देशों के बीच ‘दीन-दानी’ के परंपरागत संबंधों में बदलाव आ चुका है और दोनों अब रणनीतिक भागीदार के रूप में काम कर रहे हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वित्तवर्ष 2014 में लिए विदेश विभाग ने भारत को 9.1 करोड़ डालर की वित्तीय अनुदान की सिफारिश की है, जो 2012 में दी गयी वास्तविक सहायता से 16 फीसद कम है। पिछले कुछ सालों से भारत के अमेरिकी अनुदान में लगातार कमी आ रही है।
वर्ष 2010 में 12.67 करोड़ डालर, 2011 में 12.16 करोड़ डालर और 2012 में 10.8 करोड़ डालर का अनुदान मिला था। सितंबर 2013 में समाप्त होने वाले चालू वित्तवर्ष में कुल 9.83 करोड़ डालर के अनुदान का प्रस्ताव किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि यह कमी दोनों देशों के बीच ‘दीन-दानी’ के परंपरागत संबंध में बदलाव का प्रतिबिंब है और अब हमारे संबंध ‘रणनीतिक भागीदार’ के बन गये हैं। अमेरिका से भारत को मिलने वाले अनुदान का करीब दो तिहाई हिस्सा स्वास्थ्य क्षेत्र में खर्च किया जाता है। अधिकारी ने कहा कि ‘‘स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के समक्ष अभी बहुत बड़ी चुनौतियां बरकरार हैं।’’ 2012 में अमेरिका ने इस क्षेत्र के लिए भारत को 7.6 करोड़ डालर अनुदान दिया था। (एजेंसी)

Trending news