मानेसर संयंत्र में माह अंत तक भर्तियां पूरी : मारुति

मारुति सुजुकी इंडिया ने आज कहा कि उसे सितंबर अंत तक मानेसर संयंत्र में कर्मचारियों की पूरी संख्या के साथ काम होने की उम्मीद है। माह के अंत तक नई भर्तियां पूरी हो जाएंगी।

नई दिल्ली : मारुति सुजुकी इंडिया ने आज कहा कि उसे सितंबर अंत तक मानेसर संयंत्र में कर्मचारियों की पूरी संख्या के साथ काम होने की उम्मीद है। माह के अंत तक नई भर्तियां पूरी हो जाएंगी। यहां आटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन आफ इंडिया (एक्मा) के सालाना सम्मेलन में मारुति सुजुकी के मुख्य परिचालन अधिकारी (आपूर्ति श्रृंखला) एस. मैत्र ने बताया, ‘ठेका कर्मियों को नियमित करने और नए कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है जो अगले 10 दिनों में पूरी हो जाएगी।’
उल्लेखनीय है कि 18 जुलाई को मानेसर संयंत्र में हिंसा की घटना से पहले करीब 3,300 कर्मचारी थे। इस संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5.5 लाख वाहनों की है। महीने भर तालाबंदी के बाद मानेसर संयंत्र को 21 अगस्त को दोबारा खोल दिया गया। संयंत्र में हिंसा की घटना के बाद कंपनी ने घटना में कथित तौर पर लिप्त 500 स्थायी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। सूत्रों ने कहा कि कंपनी करीब 500 ठेका कर्मचारियों को वापस ले, इसकी संभावना नहीं है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.