मिस्त्री औपचारिक रूप से सोमवार को संभालेंगे कार्यभार

टाटा समूह के नए चेयरमैन साइरस मिस्त्री औपचारिक रूप से सोमवार को कार्यभार संभालेंगे। कंपनी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मुंबई: टाटा समूह के नए चेयरमैन साइरस मिस्त्री औपचारिक रूप से सोमवार को कार्यभार संभालेंगे। कंपनी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मिस्त्री, रतन टाटा की जगह लेने जा रहे हैं और वे टाटा घराने के छठे चेयरमैन होंगे।
जमशेदजी एन टाटा ने इस समूह की स्थापना 1868 में एक निजी कारोबारी फर्म के रूप में की थी।
समूह के मुख्यालय बांबे हाउस के सूत्रों ने कहा, ‘आज और कल अवकाश है। मिस्त्री समूह के चेयरमैन के रूप में सोमवार को ही कार्यालय में आएंगे।’ रतन टाटा 50 साल की सेवाओं के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। हालांकि वे कल कार्यालय नहीं आए और अपना 75वां जन्मदिन पुणे में टाटा मोटर्स के कारखाने में मनाया।
मिस्त्री पिछले साल भर से टाटा के साथ काम कर रहे हैं। वे कल भी कार्यालय आए। जेआरडी टाटा द्वारा 1991 में उत्तराधिकारी चुने जाने के बाद रतन टाटा 21 साल तक समूह के अध्यक्ष बने रहे। इस दौरान दुनियाभर में विभिन्न क्षेत्रों में अधिग्रहण समेत समूह के बड़े फैसले लेने का श्रेय उन्हें जाता है।
साइरस मिस्त्री, शापूरजी पलोंजी परिवार से हैं और 2006 से ही उन्होंने इस समूह में विभिन्न पदों पर काम किया है। शापूरजी पलोंजी, टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में सबसे बड़ी निजी शेयरधारक है।
चार जुलाई, 1968 को जन्मे साइरस मिस्त्री ने लंदन के इंपीरियल कॉलेज ऑफ साइंस, टेक्नोलाजी एंड मेडिसिन से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और लंदन बिजनेस स्कूल से प्रबंधन में स्नात्कोत्तर किया।
पिछले साल पांच सदस्यों वाली समिति ने उन्हें टाटा समूह का नेतृत्व करने के लिये रतन टाटा का उत्तराधिकारी चुना।
रतन टाटा के कार्यकाल के दौरान समूह की आय जो कि 1991 में मात्र 10,000 करोड़ रुपए थी वर्ष 2011-12 आते आते कई गुना बढ़कर 100.09 अरब डॉलर (करीब 4,75,721 करोड़ रुपए) हो गई। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.