साइरस में समूह को आगे ले जाने की क्षमता : टाटा
Advertisement

साइरस में समूह को आगे ले जाने की क्षमता : टाटा

टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने टाटा मोटर्स के शेयरधारकों से अपने उत्तराधिकारी साइरस मिस्त्री को पूरा समर्थन देने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि 100 अरब डॉलर के टाटा समूह को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए मिस्त्री में सभी तरह की योग्यता और क्षमता हैं।

मुंबई : टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने टाटा मोटर्स के शेयरधारकों से अपने उत्तराधिकारी साइरस मिस्त्री को पूरा समर्थन देने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि 100 अरब डॉलर के टाटा समूह को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए मिस्त्री में सभी तरह की योग्यता और क्षमता हैं।
रतन टाटा दिसंबर 2012 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उसके बाद टाटा समूह की जिम्मेदारी साइरस मिस्त्री के पास होगी। पिछले साल टाटा समूह के निदेशक मंडल ने मिस्त्री को उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
टाटा समूह की प्रमुख कंपनी टाटा मोटर्स की सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए टाटा ने कहा, वर्षों से आगे बढ़ रहे 100 अरब डॉलर के समूह को और आगे ले जाने के लिए उनके उत्तराधिकारी साइरस मिस्त्री में सभी प्रकार की योग्यता और क्षमताएं हैं। मैं चाहता हूं कि जिस प्रकार का समर्थन और प्रोत्साहन आपने मुझे दिया, उसी प्रकार समर्थन आप साइरस को देंगे।
टाटा मोटर्स के शेयरधारकों का धन्यवाद करते हुए टाटा ने कहा, मैं कंपनी के कर्मचारियों और शेयरधारकों का धन्यवाद करता हूं। आपके बिना कंपनी यह सफलता हासिल नहीं कर सकती थी।
टाटा ने कहा, टाटा मोटर्स, जो कि देश की सबसे बड़ी आटोमोबाइल कंपनी है, को सभी वर्गों में अपनी यह स्थिति बरकरार रखनी होगी। उन्होंने कहा, मुझे पूरी उम्मीद है कि सभी कर्मचारी बदलते समय के अनुरूप पूरी लग्न और मेहनत के साथ काम करेंगे। (एजेंसी)

Trending news