कोहली का शतक, श्रीलंका को 315 रनों की चुनौती

महिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले जा रहे पांच एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 315 रनों का लक्ष्य रखा है।

हम्बानटोटा : महिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले जा रहे पांच एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 315 रनों का लक्ष्य रखा है।
उपकप्तान विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए। कोहली ने जहां शानदार शतक लगाया वहीं सहवाग सिर्फ चार रन से अपने शतक से चूक गए।
कोहली ने 113 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 106 रन बनाए जबकि सहवाग ने 97 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 96 रन ठोक दिए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी हुई।
कोहली और सहवाग के अलावा सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी अच्छे हाथ दिखाए। रैना ने 45 गेंदों पर 50 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। धौनी ने 29 गेंदों पर 35 रनों की तेज पारी खेली। इस दौरान उन्होंने भी तीन चौके और एक छक्का लगाया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से गौतम गम्भीर और सहवाग ने पारी की शुरुआत की। कुल योग में अभी सात रन ही जुड़े थे कि गम्भीर को तेज गेंदबाज नुवान कुलासेकरा ने बोल्ड कर दिया। गम्भीर ने छह गेंदों पर तीन रन बनाए।
सहवाग शुरुआत में थोड़े असहज लग रहे थे लेकिन बाद में उन्होंने लय पकड़ी। थिसारा परेरा के एक थ्रो पर 96 के स्कोर पर वह रन आउट हुए। 97 गेंदों में खेली गई इस पारी में सहवाग ने 10 चौके लगाए। सहवाग के आउट होने के बाद मैदान पर आए रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर सके और आठ गेंदों पर महज पांच रन बनाकर मैथ्यूज की गेंद पर बोल्ड होकर चलते बने।
इस बीच कोहली ने अपने करियर का 12वां शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने एक इतिहास भी रच दिया। एकदिवसीय इतिहास में सबसे तेज 12 शतक बनाने वाले वह खिलाड़ी बन गए। कोहली ने 106 गेंदों पर शतक पूरा किया। परेरा की गेंद वह स्थानापन्न खिलाड़ी सेनानायके द्वारा लपके गए।
इसके बाद रैना और धौनी ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों पर तेजी से 79 रन जोड़े। रैना 59 रन बनाकर परेरा के शिकार बने तो धौनी को भी 35 के योग पर परेरा ने ही चलता किया।
इरफान पठान चार गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। दूसरी छोर पर अश्विन थे लेकिन वह एक भी गेंद का सामना नहीं कर सके।
श्रीलंका की ओर से परेरा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। नुआन कुलसेकारा और एंजेलो मैथ्यूज के खाते में एक-एक विकेट गया।
भारतीय टीम ने अंतिम बार अपना अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के साथ मार्च में खेला था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पांचवें संस्करण में हिस्सा लिया था।
आईपीएल के बाद भारतीय टीम लगभग डेढ़ महीने आराम के बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रही है। उधर, श्रीलंका ने हाल में पाकिस्तान को एकदिवसीय और टेस्ट श्रृंखला में हराया था। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.