लांस आर्मस्ट्रांग का कबूलनामा: हां, मैंने की डोपिंग औैर एक झूठ के बाद इसे दोहराता ही गया

डोप कलंकित साइकिलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग ने स्वीकार किया है कि टूर डे फ्रांस पर सात खिताब जीतने के पीछे प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का भी हाथ था। उन्‍होंने डोपिंग की बात कबूल कर ली।

ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी
लॉस एंजिल्‍स : डोप कलंकित साइकिलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग ने स्वीकार किया है कि टूर डे फ्रांस पर सात खिताब जीतने के पीछे प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का भी हाथ था। उन्‍होंने डोपिंग की बात कबूल कर ली।
आर्मस्ट्रांग ने ओपरा विनफ्रे के टाक शो पर कहा कि मैनें अपने फैसले किए। ये मेरी गलतियां हैं। खेल से आजीवन प्रतिबंध झेलने के बाद आर्मस्ट्रांग का यह पहला इंटरव्यू है। उन्होंने कहा कि मैं यहां उसके लिए माफी मांगता हूं। मैनें एक बड़ा झूठ बोला और उसके बाद लगातार दोहराता गया।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर मैने गलती की। कैंसर से उबरकर वापसी करने और खिताब जीतने वाले आर्मस्ट्रांग दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए थे। उन्होंने कहा कि वह सब मिथक, एक परिपक्व कहानी थी और यह सच नहीं था। विनफ्रे के बहुप्रतीक्षित इंटरव्यू में सबसे पहले हां या ना के रैपिड फायर सवाल हुए। इसमें आर्मस्ट्रांग ने खून की मात्रा बढाने वाले ईपीओ, टेस्टोस्टेरोन और शक्तिवर्धक हार्मोन के सेवन की बात स्वीकार की।
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता था कि शक्तिवर्धक दवाओं के इस्तेमाल के बिना साइकिलिंग की बड़ी रेस जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि सारी गलती मेरी है, लेकिन तस्वीर के पीछे और उस कहानी के पीछे एक लमहा था। मीडिया और प्रशंसकों के लिए वह चलता रहा, लेकिन मैने उस लमहे में सब कुछ खो दिया।
आर्मस्‍ट्रांग ने कहा कि मैं सच्‍चाई जानता हूं। सच वह नहीं है, जो वहां था। सच वह भी नहीं है, जो मैंने कहा है। कहानी लंबे समय तक पूरी तरह ठीक दिखती है। आप बीमारी से उबरते हैं और टूर डी फ्रांस खिताब पर कब्‍जा जमाते हैं। खुशहाल वैवाहिक जिंदगी, बच्‍चे। पर इसमें सब कुछ सच नहीं है। जो कुछ भी मैंने किया उसे लेकर शर्मिंदा हूं। ड्रग नहीं लेता तो ये सारे खिताब मैं नहीं जीत पाता। साल 2005 में मैंने आखिरी बार डोपिंग की थी।
आर्मस्‍ट्रांग ने यह भी कहा कि इसे स्‍वीकार करने में काफी वक्‍त लगा। मैंने अपना निर्णय लिया, यह मेरी गलती थी। मैं आज यहां पर इसलिए हूं ताकि उस चीज के लिए मैं माफी मांग सकूं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आर्मस्ट्रांग ने विनफ्रे के साथ इंटरव्यू में डोपिंग की बात कबूल की है।
आर्मस्ट्रांग ने कहा कि उन्हें उस दौरान कभी लगा भी नहीं कि वह कुछ गलत कर रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने बनाए मानदंड से अलग जाने वाले लोगों को धमकाया भी। उन्होंने हालांकि इस बात से इनकार किया कि उन्होंने अपने साथियों को डोपिंग के लिए मजबूर किया। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि इतालवी डाक्टर मिशेल फेरारी अमेरिकी पोस्टल सर्विस साइकिलिंग टीम के डोपिंग घोटाले के मास्टरमाइंड थे।
आर्मस्ट्रांग ने यह भी कहा कि यह डोपिंग घोटाला खेलों के इतिहास का सबसे बड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी तुलना पूर्व पूर्वी जर्मनी के शासन प्रायोजित डोपिंग कार्यक्रम से नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि 2009 में वापसी के बाद उन्होंने प्रतिबंधित दवाओं का सेवन नहीं किया। उन्हें लगता था कि डोपिंग का साइकिलिंग चलन है, लेकिन वह किसी को दोषी नहीं ठहराना चाहते। डोप कलंकित साइकिलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग का कहना है कि ओपरा विनफ्रे के साथ उनका इंटरव्यू देखकर दर्शक खुद तय कर सकते हैं कि वह कितने बेबाक थे।
उधर, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने डोपिंग में लिप्त मशहूर साइकिलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग का सिडनी ओलंपिक 2000 में जीता गया कांस्य पदक छीन लिया है। इस फैसले से संबंध रखने वाले अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आईओसी ने बुधवार रात को आर्मस्ट्रांग को पत्र भेजकर उनसे पदक लौटाने के लिए कहा है। साइकिलिंग की सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय संस्था ने आईओसी को बताया कि आर्मस्ट्रांग ने उन्हें अयोग्य ठहराये जाने के खिलाफ अपील नहीं की है, जिसके बाद उनसे पदक वापस लेने का फैसला किया गया।
डोपिंग की बात सार्वजनिक रूप से कबूलने के बाद साइकिलिस्ट लांस आर्मस्ट्रांग के खिलाफ अमेरिकी सरकार कानूनी कार्रवाई कर सकती है। मीडिया रपटों के अनुसार आर्मस्ट्रांग ने ओपरा विनफ्रे को दिये इटरव्यू में प्रतिबंधित दवाओं के इस्तेमाल की बात कबूल की है। पिछले साल टूर दे फ्रांस के सातों खिताब गंवाने के बाद आर्मस्ट्रांग का यह पहला इंटरव्यू है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.