कमलेश शर्मा फिर राष्ट्रमंडल के महासचिव बने

राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) में शर्मा के नाम का प्रस्ताव भारत ने किया, जिसका पाकिस्तान ने समर्थन किया।

पर्थ : पूर्व भारतीय राजनयिक कमलेश शर्मा को एक बार फिर राष्ट्रमंडल का महासचिव नियुक्त किया गया है। इस पद पर उन्हें चार साल के एक और कार्यकाल का सेवा विस्तार दिया गया है।

 

राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) में शर्मा के नाम का प्रस्ताव भारत ने किया, जिसका पाकिस्तान ने समर्थन किया। इसके बाद दूसरे देशों के नेताओं ने भी शर्मा को दोबारा राष्ट्रमंडल का महासचिव नियुक्त करने पर सहमति जताई।

 

शर्मा पहली बार नवम्बर 2007 में युगांडा के कम्पाला में चोगम में इस पद पर नियुक्त किए गए थे। वह ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त के रूप में सेवा दे चुके हैं। राष्ट्रमंडल महासचिव के रूप में अपनी दोबारा नियुक्ति के लिए उन्होंने राष्ट्रमंडल देशों के प्रमुखों का आभार जताया।

 

ऑस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने चोगम 2011 के संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। इसके बाद 70 वर्षीय शर्मा ने कहा, ‘राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं ने एक और कार्यकाल के लिए सेवा विस्तार देकर मुझमें जो भरोसा दिखाया है, उसके लिए मैं तहे-दिल से उनका आभारी हूं।'

 

संवाददाता सम्मेलन में यह पूछे जाने पर कि चोगम 2011 में युवाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है और इस आधार पर क्या किसी युवा को महासचिव नहीं बनाया जाना चाहिए था, शर्मा ने कहा, ‘जिंदगी में यह मायने नहीं रखता कि आप कितनी अधिक उम्र के है, बल्कि यह मायने रखता है कि आपकी सोच कितनी युवा है।‘ (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.