डेविड कैमरन ने भारत की तरक्की को सराहा

ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने भारत को 67वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और भारतीय लोकतंत्र की ताकत, विविधता की एकता तथा आर्थिक शक्ति की सराहना की।

लंदन : ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने भारत को 67वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और भारतीय लोकतंत्र की ताकत, विविधता की एकता तथा आर्थिक शक्ति की सराहना की।
लंदन के समाचार पत्र `एशियन लाइट` में प्रकाशित लेख के अनुसार कैमरन ने कहा है कि वह दुनिया के सबसे प्राचीन लोकतांत्रिक देश तथा सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के बीच संबंधों को मजबूत बनाना चाहते हैं। समाचार पत्र ने कैमरन के हवाले से कहा है कि दोनों देशों के बीच विशेष संबंध हैं। दुनिया के सबसे प्राचीन लोकतंत्र और वर्तमान के सबसे बड़े लोकतंत्र के बीच यह संबंध काफी पुराना है।
कैमरन ने आगे कहा कि हमारा संबंध सिर्फ कूटनीति और संधियों पर आधारित नहीं है। हमारा संबंध सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लंबे अनुभवों के बाद पल्लवित हुआ है। हमारे संबंधों के भविष्य के बारे में सोचते हुए मैं चाहता हूं कि ये संबंध और मजबूत बनें तथा स्थाई रहें। आज की दुष्कर हो चली दुनिया में हम कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन हम एकसाथ इन चुनौतियों से कहीं बेहतर तरीके से निपट सकते हैं। अब तक हमने अपने संबंधों में जो कुछ हासिल किया है, उससे कहीं अधिक अभी हासिल करना है।
भारत दौरे पर अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर चुके कंजर्वेटिव पार्टी के नेता कैमरन ने कहा कि उन्हें भारत के साथ इंग्लैंड के नजदीकी संबंधों पर नाज है। कैमरन ने इंग्लैंड की अर्थव्यवस्था में भारतीय उद्योगपतियों के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिष्ठित उद्योग समूह `टाटा ग्रुप` इंग्लैंड में भी पर्याप्त प्रचलित है। वहीं इंग्लैंड की मशहूर कंपनियां जैसे वोडाफोन, जेसीबी और सर्को भारत में सफलतापूर्वक व्यापार कर रही हैं। इंग्लैंड आज भारत में निवेश करने वाला सबसे बड़ा यूरोपीय देश है। दूसरी तरफ भारत द्वारा यूरोप में किए जाने वाले निवेश का आधा से अधिक इंग्लैंड में हो रहा है।
कैमरन ने इंग्लैंड में बसे भारतीय समुदाय के लोगों की भी सराहना की। कैमरन इंग्लैंड के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने सरकारी निवास पर भारतीय पर्व दिवाली मनाई। इंग्लैंड में भारतीय उच्चायोग लंदन के जिमखाना क्लब में भारत के 67वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन कर रहा है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.