न्यू जर्सी के शॉपिंग मार्केट में फायरिंग, हमलावर समेत 3 की मौत

शुक्रवार तड़के न्यू जर्सी की एक सुपर मार्केट में भी अमेरिकी सुरक्षा सेवा से जुड़े रहे एक हमलावर ने दो लोगों की हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मार ली।

ज़ी न्यूज ब्यूरो
न्यू जर्सी (अमेरिका) : अमेरिका के न्यू जर्सी की एक शॉपिंग मॉल में शुक्रवार तड़के हुई गोलीबारी में एक हमलावर सहित तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। ज़ी न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ओल्ड ब्रीज इलाके में गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय समयानुसार सुबह चार बजे अधिकारियों के पास गोलीबारी की सूचना गई। अमेरिकी शहरों में लगातार हो रहे हमले से लोगों में दहशत है।
अमेरिका के विस्कोन्सिन के गुरुद्वारे में एक पूर्व मरीन के गोलीबारी करने की घटना के बाद शुक्रवार तड़के न्यू जर्सी की एक सुपर मार्केट में भी इसी अमेरिकी सुरक्षा सेवा से जुड़े रहे एक हमलावर ने दो लोगों की हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मार ली।
‘द न्यू जर्सी स्टार लेजर’ के मुताबिक यह बंदूकधारी यहां का असंतुष्ट कर्मचारी जान पड़ता है। वह स्थानीय समयानुसार सुबह करीब चार बजे ओल्ड ब्रिज इलाके के पाथमार्क ग्रोसरी स्टोर में दाखिल हुआ और गोलीबारी शुरू कर दी। उसने दो लोगों को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हमलावर के हाथ में एके-47 और एक अत्याधुनिक पिस्तौल थी। यह पूर्व मरीन था और स्टोर में दो सप्ताह से काम कर रहा था। वह कल देर रात काम से गया और फिर कुछ देर बाद ही हमले के लिए लौट आया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार ओल्ड ब्रिज के मेयर ओवेन हेनरी ने बताया, ‘किसी मेयर के लिए यह सबसे दुखद फोन कॉल था। आप इन चीजों के लिए तैयार रह सकते हैं, लेकिन इन्हें रोक नहीं सकते।’ पुलिस ने पार्थमार्क के कई कर्मवारियों को स्टोर से बाहर निकाला। ओल्ड ब्रिज न्यू जर्सी का उपनगरीय इलाका है और न्यूयॉर्क से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर है।
इससे पहले खबर आई थी कि पाथमार्क सुपर मार्केट के अंदर पुलिस ने भी गोलीबारी की। गोलीबारी करने वाले इस हमलावर के मकसद के बारे में अभी कुछ पता नहीं है। इस घटना के समय कई कर्मचारी स्टोर के भीतर थे। वे सभी रोज की तरह इसे खोलने की तैयारी कर रहे थे। स्टोर आमतौर पर सुबह छह बजे खुलता है। खबर है कि यह हमलावर शरीर पर बख्तर पहने हुए था। आज की यह घटना न्यूयार्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बाहर हुई गोलीबारी के एक सप्ताह के बाद हुई है।
न्यूयॉर्क के एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के बाहर गोलीबारी करने वाला शख्स एक कपड़ा कंपनी में नौकरी से निकाला गया था। इस गोलीबारी के हमलावर ने अपने एक पूर्व सहकर्मी को गोली मार दी और फिर चारों तरफ अंधधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने उसे मार गिराया।
5 अगस्त को विस्कोन्सिन के एक गुरुद्वारे में माइकल वेड पेज नाम एक अमेरिकी श्वेत उन्मादी ने छह सिखों की हत्या कर दी थी। यह हमलावर भी पूर्व मरीन था। पिछली 20 जुलाई को कोलोराडो के एक थियेटर में एक हमलावर ने गोलीबारी की थी, जिसमें 12 लोग मारे गए थे और 50 से अधिक घायल हो गए थे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.