पाक में क्वेटा हमलों के शिकार लोगों का शव दफन
Advertisement

पाक में क्वेटा हमलों के शिकार लोगों का शव दफन

पाकिस्तान के क्वेटा शहर में पिछले दिनों हुए विस्फोट में मारे गए सभी 89 लोगों के शवों को सरकार विरोधी नारों के बीच दफन कर दिया गया।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में पिछले दिनों हुए विस्फोट में मारे गए सभी 89 लोगों के शवों को सरकार विरोधी नारों के बीच दफन कर दिया गया। कुछ दिनों तक चले प्रदर्शनों के बाद क्वेटा में सामूहिक रूप से शवों को दफन किया गया।
शिया नेताओं ने कल ही आह्वान किया था कि शवों को दफना दिया जाए, लेकिन कुछ शिया समूहों का कहना था कि क्वेटा की सुरक्षा को सेना के हवाले किए जाने तक वे अपना विरोध प्रदर्शन खत्म नही करेंगे।
आज सुबह सरकार से हुई बातचीत के बाद शवों को दफन करने पर सहमति बनी। जनाजे में करीब चार हजार लोग शामिल हुए। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस उपायुक्त की कार पर पथराव भी किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों दोनों ने हवा में गोलियां चलाईं। इनमें कोई घायल नहीं हुआ।स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने हालात पर काबू पाया।
इससे पहले बड़ी संख्या में महिलाएं कब्रों पर लेट गईं और शवों को दफन करने से मना कर दिया। उनका कहना था कि क्वेटा में सेना बुलाए जाने तक वे प्रदर्शन जारी रखेंगी। शिया युवकों के समूह प्रदर्शन करते रहे और बुजुगोर्ं से भी प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान करते रहे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग भी बाधित कर दिया। वरिष्ठ शिया नेता अब्दुल कय्यूम चंगेजी ने कहा कि मारे गये लोगों के परिजन की अनुमति मिलने के बाद ही सामूहिक रूप से शवों को दफन किया गया।
प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ ने आज कहा कि आतंकवाद का खात्मा होने तक इसके खिलाफ लड़ाई चलती रहेगी।
बीते 16 फरवरी को क्वेटा के हजारा शहर में 16 फरवरी को हुए बम हमले में 89 लोग मारे गए जबकि करीब 200 अन्य घायल हो गए थे। इस हमले के करीब एक महीने पहले 10 जनवरी को क्वेटा में दोहरे फिदायिन बम धमाकों में 92 शिया मारे गए थे। इन हमलों के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं। (एजेंसी)

Trending news