म्यामां पर यूएनएससी के विशेष सलाहकार बने नांबियार

वरिष्ठ भारतीय राजनयिक विजय नांबियार को म्यामां पर विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने की।

संयुक्त राष्ट्र : वरिष्ठ भारतीय राजनयिक विजय नांबियार को म्यामां पर विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने की। नांबियार फिलहाल बान के चीफ ऑफ स्टाफ हैं। इस पद पर वह 2007 से हैं।

 

बान ने नियुक्ति की घोषणा करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘नांबियार ने पद छोड़ने की इच्छा जताई है ताकि मैं दूसरे कार्यकाल के लिए वरिष्ठ प्रबंधकों का नया दल तैयार कर सकूं।’ संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि नांबियार मेरे कार्यकारी दफ्तर में बदलाव के बाद उचित समय के भीतर म्यामां पर विशेष सलाहकार के रूप में सेवा देना शुरू करेंगे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के पूर्व स्थाई प्रतिनिधि नांबियार को उनके अचूक समर्थन, विवेकपूर्ण सलाह और कई चुनौतियों से निपटने में समर्पण के लिए धन्यवाद दिया।

 

नांबियार इससे पहले पाकिस्तान, चीन और अफगानिस्तान में भारत के राजदूत के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। बान ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र म्यामां की लोकतंत्रीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभा रहा है। हाल ही में देश में राजनीतिक बंदियों की रिहाई से उत्साहित बान ने कहा कि वह अधिकारियों के साथ आगे बातचीत के लिए निकट भविष्य में म्यामां जाने की योजना बना रहे हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.