लंदन में भारतीय छात्र पर फिर जानलेवा हमला

ब्रिटेन में एमबीए के लिए दाखिला लेने वाले भारतीय छात्र पर शुक्रवार देर रात लंदन में चाकू से प्रहार किया गया। उसकी स्थिति नाजुक है।

लंदन/नई दिल्ली : ब्रिटेन में एमबीए के लिए दाखिला लेने वाले भारतीय छात्र पर शुक्रवार देर रात लंदन में चाकू से प्रहार किया गया। उसकी स्थिति नाजुक है। स्काटलैंड यार्ड ने शनिवार को बताया कि भारतीय छात्र पर हमले के बाद 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

 

सामान्य प्रक्रिया के तहत स्काटलैंड यार्ड पीड़ित के नाम का खुलासा नहीं करता। उसने कहा कि वह नाजुक स्थिति में एक अस्पताल में भर्ती है। भारतीय मीडिया में आयी खबरों के अनुसार पीड़ित की पहचान प्रवीण रेड्डी के रूप में की गई है। उसने लंदन बिजनेस स्कूल में एमबीएम में अपना पंजीकरण करवा रखा है। पिछले दो महीने में भारतीयों पर हमले की यह चौथी घटना है। इससे पहले तीनों घटनाएं नस्ली घृणा पर आधारित थीं।

 

विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कार्यवाहक उच्चायुक्त राजेश प्रसाद से बात कर उन्हें छात्र की हर संभव मदद करने को कहा। स्काटलैंड यार्ड ने एक बयान में बताया, ‘पुलिस को 10 फरवरी को न्यूहेम जनरल अस्पताल में रात 8 बजकर 23 मिनट पर बुलाया गया क्योंकि वहां 20 वर्ष से अधिक आयु के एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया था। व्यक्ति चाकू के प्रहारों से घायल हुआ था। फिलहाल वह नाजुक स्थिति में अस्पताल में भर्ती है।’

 

बयान में कहा गया, ‘अधिकारियों का मानना है कि व्यक्ति केंट स्ट्रीट ई 13 के पते पर घायल हुआ। 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चार लोग अभी तक हिरासत में है। सात अन्य को आगे की तारीख पर जमानत प्रदान कर दी गई है।’ इस बात के अभी तक कोई संकेत नहीं है कि नस्ली घृणा के कारण उसे निशाना बनाया गया।
नई दिल्ली से सूत्रों ने बताया कि कृष्णा ने आंध्र प्रदेश में चाकू लगने से घायल छात्र प्रवीण के पिता सुधाकर रेड्डी से भी बात की और उन्हें वीजा पाने में संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

 

सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन में उच्चायोग के अधिकारी प्रवीण का इलाज कर रहे डॉक्टरों के संपर्क में हैं और दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारी ब्रिटिश उच्चायोग से बातचीत कर रहे हैं ताकि छात्र के परिजनों को आसानी से वीजा मिल सके। इससे पहले की घटनाओं में 23 वर्षीय छात्र अनुज बिदवे की 26 दिसंबर को सैल्फोर्ड के ग्रेट मैनचेस्टर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ब्रिटेन की पुलिस ने 10 जनवरी को मैनचेस्टर सिटी सेंटर में 20 वर्षीय छात्र गुरदीप हायर की हत्या की भी पुष्टि की थी। इसके बाद 11 जनवरी को बर्मिंघम में अवतार सिंह कोल्हर और उनकी ब्रिटिश पत्नी कैरोल कोल्हर की उनके घर पर हत्या कर दी गई थी। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.