'लीबिया में मिले रासायनिक हथियार'
Advertisement

'लीबिया में मिले रासायनिक हथियार'

लीबिया में मुअम्मर गद्दाफी शासन काल के रासायनिक हथियार पाए गए हैं।

काहिरा : लीबिया में मुअम्मर गद्दाफी शासन काल के रासायनिक हथियार पाए गए हैं। देश की नई सरकार ने इन हथियारों को सुरक्षित रखे जाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मांग की है।

 

देश के पूर्व अंतरिम प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अंतरिम परिषद् (एनटीसी) की प्रमुख हस्तियों में से एक महमूद जिब्रिल ने कहा कि एनटीसी बलों को देश में दो जगह रासायनिक हथियार मिले हैं और ये फिलहाल भूमिगत हैं।

 

उन्होंने कहा कि हेग स्थित रासायनिक हथियार निषेध संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) और अमेरिका को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि हथियारों के स्थल कहां हैं और इन्हें कब ढूंढा गया लेकिन कहा कि ओपीसीडब्ल्यू जल्द ही इस बारे में घोषणा करेगी।

 

जिब्रिल ने कहा, अमेरिका को सूचित कर दिया गया है क्योंकि तकनीकी रूप से वह इस स्थिति का सामना करने में सक्षम है। दूसरी तरफ, एनटीसी के एक शीर्ष सैन्य प्रवक्ता ने आज कहा कि ये रासायनिक हथियार तकरीबन एक महीने पहले ही पाए गए थे और इनमें मिसाइल भी शामिल हैं। (एजेंसी)

Trending news