शव पर पेशाब: अमेरिकी मरीन पर चलेगा केस
Advertisement

शव पर पेशाब: अमेरिकी मरीन पर चलेगा केस

अमेरिकी सैनिकों द्वारा तीन अफगानों के शव पर पेशाब करने संबंधी प्रकरण में कथित भूमिका के लिए एक अमेरिकी मरीन अधिकारी का कोर्ट मार्शल किया जाएगा। एक वीडियो के जरिये उजागर हुई इस घटना पर दुनिया भर में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी।

वाशिंगटन : अमेरिकी सैनिकों द्वारा तीन अफगानों के शव पर पेशाब करने संबंधी प्रकरण में कथित भूमिका के लिए एक अमेरिकी मरीन अधिकारी का कोर्ट मार्शल किया जाएगा। एक वीडियो के जरिये उजागर हुई इस घटना पर दुनिया भर में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने एक बयान में कहा कि कैप्टन जेम्स क्लेमेंट पर ‘कर्तव्य और व्यवहार में लापरवाही बरतने के लिए और कनिष्ठ मरीनों के र्दुव्‍यवहार को रोकने में असफल रहने के लिए मुकदमा चलाया जाएगा।’ अधिकारी पर तीन अफगानों के शवों का अपमान करने वाले अपने कनिष्ठ मरीनों को रोकने में असफल रहने का आरोप है। यह मामला 27 जुलाई, 2011 का है जब अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में तालिबान उग्रवादियों के खिलाफ एक अभियान के दौरान मरीनों ने ऐसा किया था।
एक वीडियो में सैनिकों को शवों पर पेशाब करते और हंसते हुए देखा गया था। वीडियो को पूरी दुनिया ने देखा और घटना पर नाराजगी तथा क्षोभ जताते हुए इसकी तीखी आलोचना की थी। इस घटना के बाद 21 वर्षीय एक अफगान सैनिक ने अपने साथी सैनिकों को प्रशिक्षण दे रहे कुछ फ्रांसीसी सैनिकों पर गोलीबारी की थी। उसने बाद में कहा कि उसने अमेरिकी मरीनों की कार्रवाई का बदला लेने के लिए ऐसा किया। घटना में पांच फ्रांसीसी सैनिक मारे गए और 15 घायल हो गए।
वीडियो में पांच मरीनों को देखा गया था। इनमें से एक स्टाफ सार्जेंट जोसफ चाम्बलिन को अपना दोष स्वीकार करने पर 30 दिन की कैद हुई, उसपर जुर्माना लगाया गया और उसकी पदावनति कर दी गई। घटना में शामिल बाकी सैनिकों पर प्रशासनिक प्रतिबंध लगा दिए गए। (एजेंसी)

Trending news