`भारत-पाक में वार्ता होगी तो तनाव घटेगा`

अमेरिका ने कहा कि खास कर नियंत्रण रेखा पर जारी तनाव के संदर्भ में भारत पाकिस्तान के बीच मतभेदों के समाधान का सही तरीका वार्ता ही है।

वाशिंगटन: अमेरिका ने कहा कि खास कर नियंत्रण रेखा पर जारी तनाव के संदर्भ में भारत पाकिस्तान के बीच मतभेदों के समाधान का सही तरीका वार्ता ही है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता विक्टोरिया नुलैंड ने संवाददाताओं से कहा ‘हम इस मुद्दे पर भारत पाकिस्तान के बीच किसी भी और उन सभी माध्यमों से बातचीत के पक्ष में हैं जिन्हें दोनों सरकारें उचित समझती हैं। यह इसके माध्यम से काम करने का सही तरीका है।’
उन्होंने कहा ‘हम पिछले 24 घंटे में यह देख कर खुश हैं कि दोनों सरकारों ने वार्ता के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। आगे बढ़ने का यह सही तरीका है और हम इसका समर्थन करते हैं।’ नुलैंड ने कहा ‘नियंत्रण रेखा पर हिंसा की घटनाओं को लेकर हम चिंतित हैं। भारत और पाकिस्तान सरकारें स्थिति को शांत करने के लिए सीधी बातचीत कर रही हैं जिससे हम उत्साहित हैं।
करीब 742 किमी लंबी नियंत्रण रेखा पर संघषर्विराम के उल्लंघन की घटनाओं के चलते बीते दस दिन में दो भारतीय और तीन पाकिस्तानी सैनिकों की जान जा चुकी है। पाकिस्तान के अंदरूनी घटनाक्रम के बारे में नुलैंड ने कहा कि इसका फैसला इस्लामाबाद को ही करना है। (एजेंसी )

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.