आर्मी चीफ जनरल सिंह इस्तीफा देंगे !

सुप्रीम कोर्ट से उम्र विवाद में जंग हारने के बाद सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि सेना प्रमुख वी के सिंह अपने रिटायरमेंट से पहले ही इस्तीफा दे सकते हैं।

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट से उम्र विवाद में जंग हारने के बाद सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि सेना प्रमुख वी के सिंह अपने रिटायरमेंट से पहले ही इस्तीफा दे सकते हैं। सेना प्रमुख इसी साल 31 मई को रिटायर हो रहे हैं।

 

उम्र विवाद में जंग हार चुके सेनाध्‍यक्ष जरनल विजय कुमार सिंह को लेकर सरकारी सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि उन्‍हें इस्‍तीफा दे देना चाहिए। जबकि उनके कुछ समर्थकों का यह भी मानना है कि जनरल सिंह इस्‍तीफे के विकल्‍प पर विचार भी कर रहे हैं। पूरे प्रकरण के बाद रक्षा मंत्री ए के एंटनी और जनरल सिंह के बीच विश्‍वास के रिश्‍ते को तगड़ा झटका लगा है।

 

इस बीच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक जनरल सिंह दक्षिण-पश्चिमी कमान के दौरे पर जयपुर रवाना हो गए। सेना मुख्यालय के मुताबिक 13 फरवरी से शुरू होने वाले उनके पांच दिवसीय ब्रिटेन दौरे में भी अभी तक किसी रद्दोबदल के संकेत नहीं हैं। रक्षा मंत्री भी 13 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर रवाना होंगे।

 

सेना प्रमुख के रिटायर होने की तारीख 31 मई है।  अगर जनरल सिंह समय से पहले इस्तीफा देते हैं तो सरकार मौजूदा उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिंह को 31 मई तक कार्यवाहक सेना प्रमुख के रूप में नामित कर देगी।

 

उम्र विवाद में जंग हार गए जनरल

 

सेना प्रमुख जनरल वी के सिंह की उम्मीद के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को उनकी आयु के मुद्दे पर शुक्रवार को सरकार के फैसले को सही ठहराया। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि वह 10 मई 1950 को उनकी जन्मतिथि स्वीकार करने संबंधी अपनी प्रतिबद्धता को अस्वीकार नहीं कर सकते। इसके चलते सेना प्रमुख को अपनी याचिका वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि वह जनरल सिंह की याचिका पर सुनवाई के पक्ष में नहीं है। याचिका में कहा गया है कि सरकारी दस्तावेजों में उनकी जन्मतिथि को 10 मई 1951 माना जाये।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.